लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पंचायत सहायकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पंचायत सहायकों के मानदेय में बढ़ोतरी का बड़ा एलान किया है। उन्होंने घोषणा की कि पंचायत सहायकों का मानदेय अब 6,000 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये प्रतिमाह किया जाएगा और यह धनराशि सीधे पंचायत सहायकों के बैंक खातों में हस्तांतरित होगी। मीडिया को संबोधित करते हुए मंत्री राजभर ने बताया कि उन्होंने बुधवार सुबह ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस विषय पर सकारात्मक चर्चा की है। उन्होंने कहा कि धरने पर बैठे पंचायत सहायकों की मांगें पूरी तरह जायज थीं, जिसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह जनहितैषी कदम उठाया है। इसके साथ ही उन्होंने पंचायत सहायकों की सेवा सुरक्षा को लेकर बड़ा आश्वासन देते हुए कहा कि अब ग्राम प्रधान या पंचायत सचिव अपनी मर्जी से किसी भी पंचायत सहायक को पद से नहीं हटा सकेंगे। पंचायत सहायकों को हटाने के लिए अब जिलाधिकारी (DM) के नेतृत्व में गठित जांच कमेटी की सिफारिश अनिवार्य होगी।
पत्रकारों द्वारा कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के हालिया बयानों पर पूछे गए सवाल पर जवाब देते हुए ओपी राजभर ने कहा कि चुनाव नजदीक आ रहे हैं, ऐसे में हर नेता अपना दांव आजमा रहा है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि निषाद पार्टी जितनी सीटें हारेगी, उतनी सीटें राजभर एनडीए को जिताने का काम करेंगे। उल्लेखनीय है कि डॉ. संजय निषाद ने दावा किया था कि निषाद पार्टी के प्रभाव के कारण भाजपा ने प्रदेश की कई सीटों पर जीत दर्ज की है।
वहीं, गोंडा व्यापारी हत्याकांड के बहाने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा सरकार पर कसे गए तंज पर पलटवार करते हुए राजभर ने कहा कि गोंडा मामले में सरकार ने त्वरित कानूनी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा है और सरकार पूरी मजबूती से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में होने वाली 80 प्रतिशत आपराधिक घटनाओं में उन्हीं के लोगों की संलिप्तता रहती है, जबकि सपा की पीडीए बैठकों में दलितों को बैठने तक का सम्मान नहीं मिलता। उन्होंने दावा किया कि सपा शासनकाल के कारनामों को प्रदेश की जनता अभी तक नहीं भूली है और इसका माकूल जवाब जनता आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में देगी, क्योंकि केवल बयानबाजी करने से सरकारें नहीं बना करतीं।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"




