विंध्याचल परिक्षेत्र की मासिक समीक्षा बैठक: DIG पूनम ने तीनों जिलों के SP संग की ऑनलाइन बैठक, गो-तस्करी, ड्रग्स और पेंडिंग विवेचनाओं पर दिए कड़े निर्देश

SHARE:

मीरजापुर/ सोनभद्र। विंध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर की पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) पूनम ने शुक्रवार 18 सितंबर 2026 को गूगल मीट के माध्यम से परिक्षेत्र के तीनों जनपदों के पुलिस अधीक्षकों के साथ मासिक अपराध एवं कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान डीआईजी ने अपराध नियंत्रण, सुदृढ़ कानून व्यवस्था तथा गणेश उत्सव व आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन को सकुशल एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के संबंध में अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।

समीक्षा बैठक के दौरान डीआईजी पूनम ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित व पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी, शिकायती प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और रात्रि गश्त मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने यक्ष ऐप के माध्यम से चिह्नित अपराधियों के भौतिक सत्यापन तथा महिला संबंधी अपराधों में त्वरित व कठोरतम कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा गो-तस्करों और भू-माफियाओं के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उनकी अवैध कमाई से अर्जित चल-अचल संपत्ति को जब्त करने तथा गो-तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को सीज करने के कड़े निर्देश दिए। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि पॉक्सो एक्ट के मुकदमों में हर हाल में दो माह के भीतर विवेचना पूरी कर न्यायालय में प्रभावी पैरवी के जरिए आरोपियों को शीघ्र सजा दिलाई जाए।

आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर डीआईजी ने विसर्जन स्थलों, जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी और यातायात प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने शांति एवं सौहार्द बनाए रखने हेतु आयोजकों व संभ्रांत नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। वहीं सोशल मीडिया की निगरानी पर जोर देते हुए डीआईजी पूनम ने कहा कि फेसबुक, व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर) और इंस्टाग्राम पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस और एलआईयू की टीम तत्काल संज्ञान लेकर कड़ी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाए।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

9 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now