सोनभद्र (रॉबर्ट्सगंज)। आपदा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मनोनीत किए जाने के बाद सोनभद्र-मिर्जापुर क्षेत्र के एमएलसी विनीत सिंह के प्रथम सोनभद्र आगमन पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। नगर के सिविल लाइन रोड स्थित वीरेश्वर महादेव मंदिर के पास सोनविहार ग्रुप के एमडी अजीत कुमार सिंह और उनकी टीम ने एमएलसी विनीत सिंह का फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने उत्साहपूर्वक उनका आभार व्यक्त किया।
स्वागत समारोह के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए एमएलसी विनीत सिंह ने सोनभद्र में प्राकृतिक आपदाओं, विशेषकर आकाशीय बिजली से होने वाली जनहानि को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिले में आकाशीय बिजली गिरने से होने वाली हादसों पर रोक लगाने के लिए अब प्रभावी और ठोस तकनीकी कदम उठाए जाएंगे। सोनभद्र के अति-संवेदनशील इलाकों को चिन्हित कर वहां आकाशीय बिजली गिरने से पहले ही चेतावनी जारी करने वाले आधुनिक उपकरण लगाए जाने की तैयारी चल रही है।
उदाहरण देते हुए विनीत सिंह ने बताया कि पड़ोसी जनपद मिर्जापुर में इस तरह के आधुनिक चेतावनी उपकरण लगाए जाने के बाद आकाशीय बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं और जनहानि में लगभग 50 प्रतिशत तक की भारी कमी दर्ज की गई है। इसी तर्ज पर सोनभद्र में भी भौगोलिक स्थिति और आवश्यकता के अनुसार चेतावनी यंत्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि समय रहते स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को संभावित खतरे की सटीक जानकारी मिल सके और बहुमूल्य जीवनों की रक्षा की जा सके। इस अवसर पर सोनविहार ग्रुप के सदस्यों सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक एवं समर्थक उपस्थित रहे।
Author: Harsh Vardhan
9 years experience in the field of journalism.




