विजयगढ़ किले के जंगल में भटके 10 सैलानियों के लिए फरिश्ता बनी सोनभद्र पुलिस, 8 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

SHARE:

हर्षवर्धन, सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां सोमवार को विजयगढ़ का किला घूमने आए 10 पर्यटकों की जान पर बन आई। दरअसल, वाराणसी और मिर्जापुर से आए इन श्रद्धालुओं का दल किले पर स्थित मजार के दर्शन करने के बाद जब वापस लौटने लगा, तो अंधेरा होने के कारण वे जंगल के दुर्गम रास्तों में भटक गए। मोबाइल की बैटरी खत्म होने और चारों तरफ घने सन्नाटे के बीच फंसे इन लोगों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में एक बड़ा रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

सोमवार की रात करीब 8:20 बजे पीआरवी को सूचना मिलने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर के नेतृत्व में थाना रामपुर बरकोनिया पुलिस और पीआरवी 8507 की टीम हरकत में आई। सूचना देने वाले का मोबाइल स्विच ऑफ हो जाने के कारण लोकेशन ट्रेस करना नामुमकिन था, जिसने पुलिस की चुनौती और बढ़ा दी। कड़कड़ाती रात और घने जंगल के बीच पुलिसकर्मियों ने टॉर्च, सीटी और लाउडस्पीकर की आवाजों के सहारे एक-एक कदम आगे बढ़ाया। लगभग 6 से 8 घंटे तक चले इस कठिन सर्च ऑपरेशन के बाद आखिरकार पुलिस ने सभी 10 लोगों को सुरक्षित ढूंढ निकाला। सुरक्षित बाहर निकलने पर सभी पर्यटकों ने भावुक होकर सोनभद्र पुलिस का आभार व्यक्त किया, जिनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

Follow Us Now