काशी में एयर शो का भव्य रिहर्सल: नमो घाट पर उमड़े हजारों दर्शक, आसमान में भारतीय वायुसेना के शौर्य और कलाबाजी देख झूम उठे लोग

SHARE:

वाराणसी। धर्म नगरी काशी में आगामी 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक भारतीय वायुसेना के एयर शो को लेकर बुधवार को नमो घाट पर विमानों का रिहर्सल (ट्रायल) किया गया, जिसे देखने के लिए दर्शकों में गजब का उत्साह और क्रेज देखने को मिला। रिहर्सल के दौरान गंगा के ऊपर आसमान में वायुसेना के विमानों द्वारा दिखाए गए अद्भुत और रोमांचक हवाई करतबों ने देखने वालों का मन मोह लिया। सबसे पहले सारंग हेलीकॉप्टर यूनिट के तीन विमानों ने नमो घाट से अस्सी घाट की ओर उड़ान भरकर रिहर्सल की शुरुआत की, जिसकी गड़गड़ाहट और कलाबाजियों को देखकर घाटों पर मौजूद लोग उत्साह से झूम उठे। इस रिहर्सल के दौरान सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं के तहत एंबुलेंस, अस्थायी चिकित्सा केंद्र और पुलिस पर्यटक सहायता केंद्र पूरी तरह मुस्तैद रहे, जबकि विभिन्न विद्यालयों से आए करीब एक हजार स्कूली बच्चों समेत बड़ी संख्या में स्थानीय व दूर-दराज से पहुंचे दर्शकों ने इस नजारे का आनंद लिया।

प्रस्तावित एयर शो को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। मुख्य आयोजन के दौरान काशी में 15 से 20 लाख लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है, जिसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और गंगा पार के क्षेत्रों में विशेष व्यवस्थाएं की हैं। इस भव्य आयोजन को लेकर सिर्फ वाराणसी ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के लोगों में भी भारी क्रेज देखा जा रहा है। बुधवार को हुए ट्रायल को देखने के लिए आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर जैसे जनपदों से भी बड़ी संख्या में लोग नमो घाट पहुंचे थे। कई पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने मुख्य आयोजन के दिन संभावित भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम से बचने के लिए अभी से ही वाराणसी में डेरा डालना शुरू कर दिया है, ताकि वे बिना किसी असुविधा के इस ऐतिहासिक और स्वर्णिम एयर शो के गवाह बन सकें।

NAV HIND SAMACHAR
Author: NAV HIND SAMACHAR

Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now