Sonbhadra News : पदोन्नति, नियुक्ति और वेतन विसंगतियों का मुद्दा गरमाया, नर्सिंग कर्मियों ने काली पट्टी बांध किया विरोध

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाला नर्सिंग संवर्ग अब अपनी लंबित मांगों को लेकर मुखर हो उठा है। 13 सूत्रीय मांगों के समर्थन में नर्सिंग कर्मियों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर काम करते हुए शासन-प्रशासन के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया। मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने से नाराज नर्सिंग कर्मियों ने आंदोलन के अगले चरण में 22 अक्टूबर को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने की तैयारी की है।

 

नर्सिंग कर्मियों का कहना है कि अस्पतालों में मरीजों की देखभाल, उपचार में सहयोग और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन की जिम्मेदारी निभाने के बावजूद संवर्ग की कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। पदोन्नति में देरी, रिक्त पदों पर नियुक्ति और वेतन एवं सेवा संबंधी विसंगतियों जैसी समस्याओं के समाधान की मांग लगातार उठाई जा रही है। इसके बावजूद अपेक्षित कार्यवाही नहीं होने से कर्मचारियों में असंतोष है।

पदोन्नति, नियुक्ति और सेवा विसंगतियों के समाधान की मांग –

नर्सिंग संवर्ग की 13 सूत्रीय मांगों में पदों का सृजन एवं पुनर्गठन, पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने, रिक्त पदों को भरने तथा वेतन और सेवा संबंधी विसंगतियों को दूर करने सहित अन्य लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि नर्सिंग संवर्ग स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। ऐसे में उनकी समस्याओं की अनदेखी से कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होता है। मांगों का समयबद्ध निस्तारण होने से नर्सिंग कर्मी बेहतर कार्य वातावरण में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं दे सकेंगे।

22 अक्टूबर को सीएमओ कार्यालय पर धरना –

प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर नौ अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक नर्सिंग कर्मियों ने काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। इसके बाद 21 अक्टूबर को सुबह आठ से दस बजे तक धरना-प्रदर्शन किया गया। आंदोलन के क्रम में अब 22 अक्टूबर को सुबह 11 बजे मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, सोनभद्र में धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित है। कार्यक्रम के संबंध में संगठन की ओर से सीएमओ को पत्र भेजकर जानकारी भी दी गई है।

नर्सिंग कर्मियों ने शासन-प्रशासन से 13 सूत्रीय मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए उनका शीघ्र निस्तारण करने की अपील की है। कर्मचारियों को उम्मीद है कि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

ये कर्मचारी रहीं शामिल –

काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराने वालों में मधुबाला, गायत्री, कुमकुम, स्वर्णलता, मलखान, साधना, संध्या, विजेता, विमलेश, सोनम और रजनी सहित कई स्थायी नर्सिंग कर्मी शामिल रहीं।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now