मानवेंद्र मिश्रा
लखनऊ में हिंदू नव वर्ष का स्वागत धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर ईश्वरीय स्वप्नाशीष सेवा समिति की ओर से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा हनुमान सेतु से हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा तक पहुंची। यह यात्रा नव-उद्घाटित ग्रीन कॉरिडोर के सम्मान का प्रतीक भी बनी, जहां नारी शक्ति ने पुष्प वर्षा कर इसका अभिनंदन किया।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। वे पारंपरिक पीत वर्णी साड़ियों में सजी थीं और हाथों में झांझ, मंजीरा, डमरू तथा धर्मध्वज लिए चल रही थीं। डीजे पर बजते भक्तिमय भजनों से पूरा मार्ग भक्तिमय हो गया।यात्रा में देवी-देवताओं के स्वरूप में सजे बच्चे विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इनमें एंजल वर्मा ने देवी माँ, वीरा वर्मा ने अप्सरा, जबकि रक्षा शर्मा और अग्रिमा चौरसिया ने भारत माता का स्वरूप धारण किया था।
नारियल फोड़कर यात्रा का शुभारंभ किया
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने केसरिया ध्वज दिखाकर और नारियल फोड़कर यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिंदू नव वर्ष पूर्णतः वैज्ञानिक है और इस अवसर पर सभी को ‘राष्ट्र प्रथम’ का संकल्प लेना चाहिए।बंसल ने सपना गोयल के ‘सुंदरकांड महाअभियान’ की सराहना करते हुए इसे सांस्कृतिक चेतना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
सपना गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि चैत्र नवरात्र और नव वर्ष का यह संयोग शक्ति तथा अनुशासन की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि सुंदरकांड के आशीर्वाद से सभी का जीवन सुंदर बने और भारत एक बार फिर विश्व गुरु के पद पर प्रतिष्ठित हो।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






