सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए भीड़भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों पर महिलाओं को निशाना बनाकर आभूषण उड़ाने वाले एक अंतर्जनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में पुलिस ने पंचमुखी महादेव मंदिर (सहिजन खुर्द) के पास घेराबंदी कर एक बोलेरो वाहन में सवार छह महिलाओं और एक पुरुष समेत कुल सात शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से रॉबर्ट्सगंज और ओबरा थाने में दर्ज चोरी की कुल पांच घटनाओं का खुलासा हुआ है, साथ ही आरोपियों के पास से 1,87,200 रुपये नकद, करीब 2.10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह संगठित गिरोह त्योहारों, मेलों और बाजारों जैसी भीड़भाड़ वाली जगहों पर सक्रिय रहता था। गिरोह का पुरुष सदस्य किशन कुमार बोलेरो चलाकर रेकी करता और भीड़ वाले स्थान चिह्नित करता था, जिसके बाद गिरोह की महिलाएं भीड़ में घुसकर बड़ी सफाई से महिलाओं के गले से सोने के आभूषण पार कर देती थीं। पकड़े गए सभी आरोपी मूल रूप से गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के सिधुआपार लक्ष्मीपुर और कुरांव गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है और उनके अन्य ठिकानों तथा चोरी का माल खरीदने वालों की तलाश की जा रही है।
Author: Harsh Vardhan
9 years experience in the field of journalism.





