आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस महकमा अलर्ट हो गया है। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, चित्रगुप्त जयंती और डाला छठ को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के साथ ही अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मातहत अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने तथा वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने को कहा।
आज पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में एसपी की अध्यक्षता में सैनिक सम्मेलन, मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी और आगामी त्योहारों की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी सहित अभियोजन, कारागार, होमगार्ड, जीआरपी, आरपीएफ, वन और आबकारी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
वांछितों और वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने का निर्देश –
अपराध समीक्षा के दौरान एसपी ने जनपद में अपराध नियंत्रण, निरोधात्मक कार्रवाई और पिछले तीन वर्षों के अपराध आंकड़ों की तुलनात्मक समीक्षा की। वाहन चोरी, नकबजनी और अन्य चोरी की घटनाओं का खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पुरस्कार घोषित अपराधियों समेत अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
एक जनवरी से 29 अक्टूबर 2026 तक गैर-जमानती वारंटों के निष्पादन की समीक्षा करते हुए लंबित वारंटों को शीघ्र तामील कराने को कहा गया। तीन दिवसीय एनबीडब्ल्यू गिरफ्तारी अभियान के तहत भी लंबित गैर-जमानती और स्थायी वारंटों के प्रभावी निष्पादन पर जोर दिया गया।
60 और 90 दिन से लंबित विवेचनाओं पर एसपी की नजर –
बैठक में 60 और 90 दिनों से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं की भी समीक्षा की गई। एसपी ने संबंधित विवेचकों को साक्ष्य संकलन और आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। अगले दस दिनों में निर्धारित अवधि पूरी करने वाली विवेचनाओं को प्राथमिकता से पूरा कराने को कहा गया।
इसके अलावा थानों में लंबित माल मुकदमाती, नकदी और बहुमूल्य धातुओं के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गई। गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त संपत्तियों की सर्किलवार समीक्षा करते हुए शेष कार्रवाई समय से पूरी कराने तथा एनडीपीएस एक्ट और पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जनशिकायतों और साइबर ठगी के मामलों में लापरवाही नहीं चलेगी –
एसपी ने जनसुनवाई और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर उनकी संतुष्टि के आधार पर शिकायतों का निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।
साइबर अपराध के मामलों में ठगी की धनराशि तत्काल होल्ड कराने और पीड़ितों को वापस दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं, सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में तेजी लाकर वास्तविक स्वामियों को मोबाइल वापस कराने को कहा गया। यक्ष एप, ई-साक्ष्य और एसआईडी से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बाजारों से घाटों तक रहेगी पुलिस की निगरानी –
आगामी त्योहारों को देखते हुए एसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों को दोबारा चिह्नित कर वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया। प्रमुख बाजारों, चौराहों, धार्मिक स्थलों, पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित पैदल गश्त के साथ रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
दीपावली के मद्देनजर आतिशबाजी की दुकानों और पटाखा बिक्री स्थलों पर सुरक्षा मानकों तथा अग्निशमन व्यवस्था का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया। वहीं, डाला छठ को लेकर नदी, तालाब और अन्य जलाशयों पर बनाए जाने वाले घाटों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा, प्रकाश और भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों से संवाद स्थापित करने तथा सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया। अफवाह फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
सैनिक सम्मेलन में सुनीं पुलिसकर्मियों की समस्याएं –
अपराध समीक्षा से पहले आयोजित सैनिक सम्मेलन में एसपी ने पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिसकर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और पूर्ण मनोयोग से ड्यूटी करने के साथ आमजन के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी गई।
एसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, जनशिकायतों का समयबद्ध समाधान और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान किसी भी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






