आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । सरकारी खजाने पर 89 करोड़ रुपये की बकायेदारी का बोझ है और इसे दबाकर बैठे हैं जिले के 11,567 वाहन स्वामी। परिवहन विभाग की ओर से बार-बार नोटिस जारी किए गए, भुगतान के लिए चेतावनी दी गई और बकाया वसूली के लिए तहसीलों के माध्यम से आरसी तक जारी कराई गई, लेकिन कई वाहन स्वामियों पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा। करोड़ों रुपये का टैक्स बकाया होने के बावजूद भुगतान में टालमटोल का सिलसिला जारी है। अब परिवहन विभाग ने ऐसे बकायेदारों के खिलाफ कुर्की और नीलामी जैसी सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
सबसे गंभीर स्थिति यह है कि विभाग की चेतावनियों और कानूनी प्रक्रिया के बाद भी बकाया वसूली की रफ्तार अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। सरकारी राजस्व की इतनी बड़ी रकम फंसे होने से परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली और वसूली अभियान की प्रभावशीलता पर भी प्रश्न चिन्ह लग रहे हैं। आखिर नोटिस और आरसी जारी होने के बाद भी बकायेदार टैक्स जमा करने से क्यों बच रहे हैं? ऐसे में अब विभाग के सामने बकाया वसूली के साथ ऐसे वाहन स्वामियों पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने की चुनौती है।
बड़े बकायेदारों पर विभाग की पैनी नजर –
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, बड़े बकायेदारों में सौरभ सिंह, बालाजी मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड की पांच गाड़ियां, नीलम ग्रुप, आशुतोष कुमार पाठक, अभिषेक और नीरज कुमार के नाम शामिल हैं। इन बकायेदारों को लेकर विभाग विशेष रूप से सक्रिय है। नोटिस जारी होने और आरसी की कार्यवाही के बावजूद भुगतान नहीं करने वालों पर अब अगली कार्यवाही की तैयारी है।
31 अक्टूबर को कैंप, पेनाल्टी में मिलेगा छूट का लाभ –
बकाया वसूली में तेजी लाने और वाहन स्वामियों को राहत देने के लिए परिवहन विभाग 31 अक्टूबर 2026 को अपने कार्यालय परिसर में विशेष कैंप लगाएगा। इसमें शासन की ओर से निर्धारित व्यवस्था के तहत बकाया वाहन टैक्स की पेनाल्टी में छूट का लाभ लेकर भुगतान और बकाये का निस्तारण कराया जा सकेगा। विभाग ने वाहन स्वामियों से इस अवसर का लाभ उठाकर बकाया जमा करने की अपील की है।
आरसी के बाद भी नहीं चेते तो कुर्क होगी संपत्ति –
एआरटीओ कौशल कुमार सिंह ने कहा कि “बकाया टैक्स की वसूली में अब किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। वाहन स्वामियों को नोटिस जारी करने के साथ ही आरसी भी जारी कराई जा चुकी है। जिलाधिकारी से वार्ता कर आरसी जारी होने के बाद भी भुगतान नहीं करने वालों के विरुद्ध नीलामी और कुर्की जैसी प्रभावी कार्यवाही कराई जाएगी। उन्होंने बकायेदारों से 31 अक्टूबर के विशेष कैंप में पहुंचकर पेनाल्टी में छूट का लाभ लेने और तत्काल बकाया भुगतान करने की अपील की।”
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






