लखनऊ। अर्नब तूफान और पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर प्रदेश के मौसम में भारी बदलाव देखने को मिला है, जिससे प्रदेशभर में ठंड का अहसास बढ़ गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल और तराई के इलाकों तक रुक-रुक कर हुई बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने मिजाज पूरी तरह बदल दिया। ज्यादातर जिलों में दिनभर घने बादल छाए रहने के कारण धूप नहीं निकली, जिससे अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी यूपी के बिजनौर में सर्वाधिक 99 मिमी, बागपत में 88 मिमी और मुजफ्फरनगर में 72.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के तहत सोनभद्र में 41 मिमी, वाराणसी में 41.2 मिमी और मऊ में 40 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के करीब दस जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 9 से 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे लुढ़क गया, जिसमें बांदा, बस्ती, बलिया, झांसी और प्रयागराज जैसे जिले प्रमुख रहे, जहां दिन का पारा सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शनिवार से इस तूफान का असर कमजोर पड़ने लगेगा, जिससे बारिश का दौर थमने और अगले तीन दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है, हालांकि रातें अभी ठंडी बनी रहेंगी।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"






