लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने लंबे समय से जारी राजनीतिक कयासों और अफवाहों पर पूर्ण विराम लगाते हुए अपनी चुप्पी तोड़ दी है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए बसपा प्रमुख मायावती को अपनी राजनीतिक गुरु, प्रेरणा और बुआ मां बताते हुए स्पष्ट किया है कि वे किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल नहीं हो रहे हैं और बसपा उनके लिए केवल एक पार्टी नहीं बल्कि उनका परिवार है। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि उन्होंने राजनीति में जो कुछ भी सीखा है, वह मायावती के मार्गदर्शन में ही सीखा है और बहुजन समाज के सामने अपनी बात पूरी स्पष्टता से रखना उनकी जिम्मेदारी है। हाल ही में अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से बाहर किए जाने और उनके संन्यास के फैसले पर भी आकाश आनंद ने मायावती का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि रिश्ते अपनी जगह हैं लेकिन बहुजन मिशन उनसे बहुत बड़ा है, इसलिए व्यक्तिगत व पारिवारिक हितों से ऊपर उठकर पार्टी के आंदोलन का हित रखना ही उनका कर्तव्य है। अपनी पिछली खामोशी पर सफाई देते हुए उन्होंने स्वीकार किया कि सोशल मीडिया से दूरी बनाने और मायावती के पोस्ट को रिपोस्ट न करने के कारण भ्रम फैला और अफवाहों को जगह मिली, जिससे यदि बसपा प्रमुख को ठेस पहुंची है तो वे इसके लिए क्षमाप्रार्थी हैं। उन्होंने आगे कहा कि विश्वास केवल शब्दों से नहीं बल्कि काम से बनता है जिसे वे अपनी मेहनत और आचरण से साबित करेंगे। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के मिशन, मान्यवर कांशीराम के दिखाए रास्ते और मायावती के नेतृत्व को ही अपनी राजनीति का आधार बताते हुए आकाश आनंद ने पुनः बसपा और बहुजन आंदोलन की सेवा करने का अवसर मांगा है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






