Sonbhadra News : अभियान पर अभियान, फिर भी गांवों में बीमारी का खतरा! दो बच्चों की मौत के बाद हरकत में आया स्वास्थ्य महकमा

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

म्योरपुर । गांवों में मच्छरों का बढ़ता प्रकोप और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा क्या स्वास्थ्य विभाग के लिए कोई गंभीर चुनौती नहीं है? क्या हर साल तीन बार संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाने का मतलब सिर्फ कागजी खानापूर्ति, जागरूकता के दावे और औपचारिक छिड़काव तक सीमित रह गया है? बेलहत्थी ग्राम पंचायत के आमी टोला में आठ और 14 वर्ष के दो मासूमों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की अचानक सक्रियता ने ऐसे ही कई असहज सवाल खड़े कर दिए हैं। दो बच्चों की मौत के बाद विभागीय टीम गांव पहुंची, स्वास्थ्य शिविर लगाया और जांच शुरू की। उधर, मकरा ग्राम पंचायत के भेड़िया टोला में जांच के दौरान एक युवक मलेरिया पॉजिटिव मिला। ऐसे में सवाल यह है कि जब शासन की ओर से साल में तीन बार विशेष अभियान चलाकर मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के निर्देश दिए जाते हैं, तो फिर गांवों में मच्छरों का प्रकोप रोकने के लिए समय रहते प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए? क्या स्वास्थ्य विभाग किसी बड़ी घटना के बाद ही जागता है?

बताया जाता है कि बेलहत्थी ग्राम पंचायत के आमी टोला में 17 नवंबर को कैलाश (14वर्ष) पुत्र बहादुर और रुद्र (8वर्ष) पुत्र देवनारायण की मौत हो गई थी। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों बच्चे बीमार थे। कम उम्र के दो बच्चों की मौत से पूरे इलाके में चिंता और दहशत का माहौल है। घटना के बाद बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और शिविर लगाकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच शुरू की।

इस दौरान कैलाश के परिजनों बहादुर, उनकी पत्नी कलावती, रामजीत और बसंतलाल की तबीयत खराब होने पर उनके खून की जांच की गई। इसके अलावा सिकंदर, आकाश, कुमारी, बुधराम, इनरबसिया, शिवचंदन, संगीता, देवनारायण, सुरीला, राकेश, उषा, विमल कुमारी, सुषमा कुमारी और तेज कुमारी समेत अन्य ग्रामीणों की भी जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। वहीं, गांव की दोलबस (24वर्ष) और उषा (10वर्ष) की तबीयत खराब होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए बाहर ले गए हैं।

मकरा में 36 की जांच, एक युवक मलेरिया पॉजिटिव –

दूसरी ओर मकरा ग्राम पंचायत के भेड़िया टोला में भी बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग ने शिविर लगाया। यहां 36 ग्रामीणों के खून की जांच की गई, जिसमें संजय (21वर्ष) पुत्र हीरालाल मलेरिया पॉजिटिव पाया गया, उसे तत्काल दवा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा गांव में मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को स्वच्छ भोजन और साफ पानी के इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया।

साल में तीन बार अभियान, फिर भी गांवों में मच्छरों का राज –

गौरतलब है कि शासन की ओर से संचारी रोगों पर नियंत्रण और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रत्येक वर्ष तीन चरणों में विशेष अभियान चलाए जाते हैं। इन अभियानों में स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायतीराज, नगर निकाय, बाल विकास समेत कई विभागों की जिम्मेदारी तय की जाती है। गांवों में साफ-सफाई, जलभराव समाप्त कराने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने, दवा का छिड़काव कराने और लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए जाते हैं। इसके बावजूद ग्रामीण इलाकों में मच्छरों का बढ़ता प्रकोप और मलेरिया के मामले सामने आना अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रहा है।

हकीकत यह है कि कागजों पर अभियान चलाने और जागरूकता के आंकड़े तैयार करने से गांवों में मच्छरों का प्रकोप खत्म नहीं होने वाला। इसके लिए नियमित निगरानी, समयबद्ध छिड़काव और गांवों में जलभराव व गंदगी के स्रोतों को खत्म करना जरूरी है। आमी टोला में दो बच्चों की मौत के बाद टीम का पहुंचना और मकरा में मलेरिया का मरीज मिलना इस बात की ओर इशारा करता है कि प्रभावित इलाकों में निरंतर निगरानी की जरूरत है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान जिम्मेदारी निभाने वाले विभागों ने गांवों में पहले क्या कदम उठाए? क्या अभियान के तहत वास्तव में छिड़काव और साफ-सफाई कराई गई थी या फिर जिम्मेदारियों का निर्वहन कागजों पर ही पूरा कर लिया गया? दो बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता ने विभागीय दावों और जमीनी हकीकत के बीच की दूरी को चर्चा में ला दिया है।

वहीं सीएचसी अधीक्षक डॉ0 शिशिर श्रीवास्तव ने बताया कि “दोनों बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाया जा रहा है। एहतियातन गांव में स्वास्थ्यकर्मियों को प्रतिदिन भेजकर ग्रामीणों की काउंसिलिंग कराई जा रही है।”

इस दौरान मलेरिया निरीक्षक अभिषेक पांडेय, राजू कुमार, प्रतिमा श्रीवास्तव समेत स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now