Sonbhadra News : सनातन की परंपरा के संवाहकों का सम्मान, रामचरितमानस और शाल भेंटकर पुरोहितों का किया अभिनंदन

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । सनातन धर्म की परंपराओं, संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी दर पीढ़ी जीवंत रखने वाले पुरोहित समाज के सम्मान में गुरुवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के तियरा स्थित ब्रह्म बाबा परिसर में सनातन धर्म रक्षक पुरोहित सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सदर विधायक भूपेश चौबे की ओर से आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में पहुंचे पुरोहितों को रामचरितमानस, अंगवस्त्र, शाल, शंख और जनेऊ भेंटकर सम्मानित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठान और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच आयोजित समारोह में पुरोहित समाज के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ब्रह्म बाबा के पूजन-अर्चन से हुआ। इसके बाद विधायक भूपेश चौबे ने एक-एक कर पुरोहितों को माला पहनाकर, शाल ओढ़ाकर और रामचरितमानस भेंटकर उनका अभिनंदन किया। सम्मान पाकर पुरोहितों के चेहरे खिल उठे। पूरे परिसर में जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।

इस अवसर पर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि सनातन धर्म किसी के प्रति भेदभाव नहीं करता, बल्कि सभी के कल्याण की मंगल कामना करता है। पुरोहित समाज हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण आधार है। किसी भी मांगलिक या धार्मिक कार्य में पुरोहितों की भूमिका सबसे पहले होती है। यही समाज को धर्म, संस्कार और संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि जन्म से लेकर मृत्यु तक जीवन के विभिन्न संस्कार पुरोहितों के माध्यम से ही संपन्न होते हैं। सनातन धर्म की परंपराओं और मान्यताओं को सुरक्षित रखने में पुरोहित समाज का योगदान अतुलनीय है। ऐसे में उनका सम्मान करना केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पुरोहित समाज को आश्वस्त किया कि उनके मान-सम्मान और हितों की रक्षा के लिए वह सदैव तत्पर रहेंगे।
समारोह में उपस्थित पुरोहितों ने विधायक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से पुरोहित समाज का उत्साह और मनोबल बढ़ता है। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक परंपराओं, संस्कारों और सनातन संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के लिए प्रसाद वितरण और भंडारे की व्यवस्था की गई।

इस मौके पर रामचंद्राचार्य, पारस मिश्र, जगदीश पंथी, लालता प्रसाद पाठक, कृष्णा तिवारी, आलोक सिंह, शिव कुमार शास्त्री, यादवेंद्र दत्त द्विवेदी, अनूप तिवारी, आलोक चतुर्वेदी, लक्ष्मण दुबे, शिवशंकर चतुर्वेदी, रवि प्रकाश चतुर्वेदी, विशाल चतुर्वेदी, योगेंद्र, बिना, दिलीप चौबे, देवेश मिश्रा, अनिल मिश्रा, शंभूनाथ चौबे, अमरेश शुक्ल, नागेंद्र नाथ शुक्ला, प्रेमनाथ चौबे, सिद्धनाथ चौबे, वेदप्रकाश त्रिपाठी, यज्ञनारायण दुबे, ओम दुबे, अटल बिहारी ओझा और निर्भय पांडेय सहित बड़ी संख्या में आचार्य एवं पुरोहित मौजूद रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now