आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत पिपरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने मुर्धवा-रनटोला मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक एसयूवी वाहन से 2.850 क्विंटल अवैध गांजा बरामद करते हुए दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त वाहन, दो मोबाइल फोन और दो नंबर प्लेट भी पुलिस ने बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ दस लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि “मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपरी पुलिस को यह सफलता मिली। कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को पकड़ा।”
पुलिस को देखकर भागने लगा वाहन –
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि “30 सितंबर 2026 को पिपरी पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुर्धवा से करीब दो किलोमीटर आगे रनटोला-मुर्धवा मार्ग पर एक महिन्द्रा एक्सयूवी पुलिस टीम अचानक पीछे मुड़कर भागने का प्रयास करने लगी। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। वाहन की तलाशी के दौरान पिछली सीट के नीचे और डिग्गी में प्लास्टिक टेप से पैक किए गए 195 पैकेट मिले। इन पैकेटों में कुल 2 क्विंटल 850 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों महोबा निवासी उमेश अहिरवार (23वर्ष) पुत्र राम मनोहर अहिरवार तथा महिपाल पाल (23वर्ष) पुत्र इन्द्रपाल पाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।”
फर्जी नंबर प्लेट से पुलिस को चकमा देने की कोशिश –
जांच में सामने आया कि तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन पर पुलिस की नजर से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। पुलिस ने वाहन से दो नंबर प्लेट भी बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि रास्ते में चेकिंग देखकर उन्होंने वाहन को जंगल की ओर ले जाकर कुछ समय के लिए छिपा दिया था।
ओडिशा से गांजा लाकर महोबा पहुंचाने की थी योजना –
पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्हें ओडिशा से गांजा लाकर महोबा पहुंचाने के लिए कहा गया था। इसके एवज में उन्हें 20-20 हजार रुपये प्रति चक्कर देने की बात कही गई थी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने इससे पहले भी एक-दो बार गांजा पहुंचाने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी 29 सितंबर 2026 को ओडिशा से गांजा लेकर महोबा के लिए निकले थे। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर अब पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
एनडीपीएस एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा –
पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना पिपरी में धारा 8/20/27आ/29/60 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 318(4), 336(2), 336(3), 340(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
कार्यवाही में थानाध्यक्ष राजेश चौबे, उपनिरीक्षक जितेन्द्र सरोज, हेड कांस्टेबल अमित सिंह, मोहन खरवार, रामाश्रय यादव, शिवबदन राम और शंकर लाल शामिल रहे।






