Sonbhadra News : 30 अक्टूबर को लगेगी पेंशन अदालत, 12 अक्टूबर तक जमा होंगे आवेदन

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र। पेंशनरों की समस्याओं के निस्तारण के लिए 30 अक्टूबर 2026 को विन्ध्याचल मंडल के आयुक्त की अध्यक्षता में पेंशन अदालत का आयोजन किया जाएगा। पेंशन अदालत अपराह्न 12 बजे आयुक्त कार्यालय सभागार, मीरजापुर में आयोजित होगी। इसमें मंडल के सेवानिवृत्त पेंशनरों की पेंशन से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर सुनवाई कर उनके निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।

वरिष्ठ कोषाधिकारी इन्द्रभान सिंह ने बताया कि “पेंशन अदालत में पेंशन अथवा ग्रेच्युटी स्वीकृत न होने, पेंशन के गलत निर्धारण, सेवानिवृत्ति के बाद वेतन पुनरीक्षण के आधार पर पेंशन पुनरीक्षण तथा प्रशासनिक विभाग और पेंशन विभाग के बीच मतभेद से जुड़े मामलों पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा न्यायालय में लंबित ऐसे प्रकरण, जिनमें पेंशनर न्यायालय के बाहर मामले का निस्तारण कराने के इच्छुक हैं, उन पर भी नियमानुसार विचार किया जा सकता है। हालांकि, उच्च न्यायालय में लंबित मामलों को पेंशन अदालत में विचारार्थ स्वीकार नहीं किया जाएगा। पेंशनरों की अन्य पेंशन संबंधी शिकायतें भी पेंशन अदालत के समक्ष रखी जा सकेंगी।”

12 अक्टूबर तक जमा करना होगा आवेदन –

पेंशन अदालत में वाद दाखिल करने के लिए आवेदन-पत्र का निर्धारित प्रारूप विन्ध्याचल मंडल के जिला कोषागारों में उपलब्ध है। पेंशनरों को आवेदन-पत्र तीन प्रतियों में भरकर संबंधित जनपद के मुख्य/वरिष्ठ कोषाधिकारी कार्यालय में 12 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 3 बजे तक जमा करना होगा।

वरिष्ठ कोषाधिकारी इंद्रभान सिंह ने बताया कि“अधूरे आवेदन-पत्रों तथा निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। ऐसे में पेंशनरों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन जमा करने की अपील की गई।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now