Sonbhadra News : गांधी जयंती पर जनपद में होंगे विविध कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान को दिया जाएगा विशेष महत्व

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर 02 अक्टूबर को जनपद में 157वां गांधी जयंती समारोह गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। इस दौरान स्वच्छता अभियान से लेकर प्रभात फेरी, खेलकूद प्रतियोगिता, विचार गोष्ठी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों के सम्मान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

समारोह की तैयारियों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश चंद्र की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां तय करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गांधी जयंती पर सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। सुबह सात बजे से नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। ‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत प्लास्टिक कचरे का संग्रहण एवं निस्तारण कराया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार सैनिटाइजेशन की कार्यवाही भी की जाएगी।

सुबह 7:30 बजे विद्यालयों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसमें विद्यार्थी स्वच्छता और महात्मा गांधी के विचारों से जुड़े नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगे। इसके बाद सुबह 8:30 बजे तिरंगा स्टेडियम में खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी और विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

गांधी के विचारों से रूबरू होंगे विद्यार्थी –

सुबह नौ बजे कार्यालयों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में महात्मा गांधी के जीवन, संघर्ष, देशसेवा और जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला जाएगा। निर्बलों के कल्याण, अन्त्योदय, मानसिक एकता, राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्र की एकता-अखंडता से जुड़े गांधी जी के विचारों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। विभिन्न विभागों में व्याख्यानमाला के साथ विद्यालयों में वाद-विवाद और निबंध लेखन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

गांधी जयंती पर दिवंगत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की पत्नियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए तहसील रॉबर्ट्सगंज और घोरावल में संबंधित अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

10 क्षय रोगियों को मिलेगी पोषण पोटली –

गांधी जयंती के अवसर पर सुबह 9:40 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय में 10 क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की जाएगी। इसकी व्यवस्था मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में विद्यालयों और ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के साथ बाल उद्यान तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के शिला-पट्टों की साफ-सफाई एवं माल्यार्पण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लालबहादुर शास्त्री के जीवन और योगदान पर भी प्रकाश डालने को कहा गया।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गांधी जयंती से जुड़े सभी कार्यक्रम आपसी समन्वय के साथ समय से पूरे किए जाएं और आयोजन गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now