लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन को लेकर एक बड़ा राजनीतिक व सामाजिक दांव खेला है। प्रदेश सपा मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए जाने-माने खिलाड़ियों की बैठक को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं अतुलनीय योगदान देने वाले यशभारती विजेताओं को 21 लाख रुपये की सम्मान राशि के साथ प्रतिमाह 1 लाख रुपये की पेंशन दी जाएगी। इस दौरान उन्होंने वर्तमान भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का काम किया है।
सपा प्रमुख ने खिलाड़ियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि आगामी समाजवादी सरकार में खेल और खिलाड़ियों से जुड़ी तमाम समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार हमेशा से प्रतिभाओं का सम्मान करने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रही है, जबकि मौजूदा सरकार में खिलाड़ियों की उपेक्षा की जा रही है। बैठक में वरिष्ठ खिलाड़ी हसनउद्दीन सिद्दीकी, जाने-माने पर्वतारोही सागर कसाना तथा भारत केसरी पहलवान राम आसरे समेत खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं, जिन्होंने सपा अध्यक्ष के इस फैसले का स्वागत किया।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






