आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । चोपन थाना क्षेत्र में रविवार को सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार युवकों को पीछे से अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राजू (25वर्ष) पुत्र अज्ञात निवासी पतवध और बुचूं (28वर्ष) पुत्र भूपेंद्र यादव निवासी सिंदुरिया राबर्ट्सगंज से अपने घर की ओर बाइक से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि चोपन थाना क्षेत्र के बसकटवा मोड़ के पास पीछे से तेज गति से आ रही हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए और वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल हाईवा को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। वहीं बाइक पर सवार बताए जा रहे एक अन्य युवक के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
हादसे की खबर से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतकों में एक युवक के परिवार में तीन बच्चे हैं, जिनमें दो लड़कियां और एक लड़का शामिल हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।






