आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव की आहट के साथ सोनभद्र में समाजवादी पार्टी ने चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। रविवार को जिला कार्यालय पर आयोजित बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन को सक्रिय करते हुए शिक्षक और स्नातक मतदाताओं के बीच पहुंच बढ़ाने की रणनीति बनाई। बैठक की शुरुआत समाजवादी पुरोधा स्व. राम गोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद एमएलसी चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने और प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने पर मंथन हुआ।
बैठक की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव मोहम्मद सईद कुरैशी ने किया। शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी मंडल प्रभारी तथा रॉबर्ट्सगंज सांसद छोटेलाल सिंह खरवार और दीपचंद राम प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
एक-एक मतदाता से संपर्क का दिया मंत्र –
जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि “एमएलसी चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों की जीत के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अभी से मैदान में उतरना होगा। उन्होंने शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करने और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन जुटाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को गांव, कस्बे और शिक्षण संस्थानों से जुड़े मतदाताओं तक पहुंच बनानी होगी, ताकि पार्टी का संदेश अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच सके।”
सपा सड़क से सदन तक लड़ती है हर वर्ग की लड़ाई –
मंडल प्रभारी छोटेलाल सिंह खरवार और दीपचंद राम ने कहा कि “समाजवादी पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा घोषित एमएलसी प्रत्याशियों के लिए पूरी ताकत से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक, कर्मचारी, युवा और समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों को पार्टी लगातार उठाती रही है और इन्हीं मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं को मतदाताओं के बीच जाने की जरूरत है।”
लाल बिहारी यादव ने मांगा फिर से समर्थन –
शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी लाल बिहारी सिंह यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन पर दोबारा भरोसा जताते हुए सेवा का अवसर दिया है। उन्होंने शिक्षक मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जिस तरह पिछली बार उन्हें समर्थन देकर सदन तक पहुंचाया गया, उसी तरह इस बार भी समर्थन देकर जनसेवा का अवसर प्रदान करें। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाने और उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करने के लिए वह लगातार प्रयासरत रहे हैं।
भाजपा सरकार की नीतियों पर साधा निशाना –
बैठक के बाद मंडल प्रभारी छोटेलाल सिंह खरवार और दीपचंद राम ने मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर सवाल उठाए। सपा नेताओं ने विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि एमएलसी चुनाव में पार्टी इन्हीं सवालों को लेकर मतदाताओं के बीच जाएगी।
शोकसभा के बाद दिखा चुनावी जोश –
बैठक में एक ओर जहां स्व0 राम गोविंद चौधरी के निधन पर कार्यकर्ताओं में शोक का माहौल रहा, वहीं श्रद्धांजलि सभा के बाद एमएलसी चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में सक्रियता दिखाई दी। पार्टी नेताओं ने संगठन को बूथ और मतदाता स्तर तक मजबूत करने तथा प्रत्याशियों के समर्थन में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया।
बैठक में राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम बिहारी यादव, संजय यादव, विजय यादव, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, रमेश चंद दुबे, मोहम्मद सईद कुरैशी, मुनीर अहमद चौधरी, यशवंत सिंह पटेल, अनिल प्रधान, गीता गौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार यादव, फुलवंती गौड़, विजय शंकर जायसवाल, नामवर कुशवाहा, बाबूलाल यादव, राम भरोसे सिंह पटेल, परमेश्वर यादव, अली मुख्तार, अजीत मौर्य, आशीष विश्वकर्मा, सुखपाल यादव, जयप्रकाश पटेल, रमेश सिंह यादव, वीरेंद्र, हिदायत उल्ला खान, ब्रह्म सिंह, त्रिपुरारी गौड़, पवन पटेल, राजेश विश्वकर्मा, गया सिंह यादव, अभय यादव, राजेश शुक्ला, कामरान खान, अशोक पटेल, डॉ. लोकपति सिंह पटेल, प्रदीप कनौजिया, कृपा शंकर चौहान, बाबू हाशमी, जयप्रकाश सिंह, जगत पटेल, फारूक अली जिलानी, दीपक केसरी, दिनेश सरोज, सुनील पवार, चंद्रभूषण, प्रमोद, रामेश्वर पटेल, उमेश चौबे, विवेक सिंह पटेल, राजकुमार, नंदलाल, कमलेश, लालू भारती, बृजेश, उमेश समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।






