आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र। सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जिलेभर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को जनपद के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और समुचित विकास को लेकर अभिभावकों को जागरूक किया गया।
शासन के निर्देश पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक आंगन का उत्सव/आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। निर्धारित तिथियों में आंगनबाड़ी केंद्रों पर उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम, उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं के साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा बहुओं का सार्वजनिक सम्मान भी किया जाना है।
कार्यक्रमों के माध्यम से पिछले 25 वर्षों में महिला एवं बाल विकास क्षेत्र में आए बदलावों की जानकारी सरल भाषा में दी जा रही है। इसके अलावा पोषाहार से तैयार होने वाले व्यंजन, उनकी विधि, पोषक तत्व और पोषाहार की गुणवत्ता के बारे में लाभार्थियों एवं आमजन को जानकारी दी जा रही है। स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता के साथ बच्चों को कॉमिक बुक, पौष्टिक फल एवं मिठाई तथा अतिरिक्त पोषाहार और सामग्री भी वितरित की जा रही है।
गतिविधियों की हो रही ऑनलाइन फीडिंग –
विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रमों के फोटोग्राफ, रील्स और एक से तीन मिनट की वीडियो क्लिप शासन एवं विभाग द्वारा निर्धारित लिंक पर अपलोड की जा रही हैं। साथ ही प्रत्येक दिवस की गतिविधियों की रिपोर्ट भी संकलित की जा रही है, ताकि अभियान की प्रगति की निगरानी की जा सके।
पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना उद्देश्य : विनीत सिंह
जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह ने बताया कि “अन्नप्राशन कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के पूरक आहार की शुरुआत के साथ अभिभावकों को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन के महत्व के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल पोषाहार वितरण तक सीमित न रखते हुए माताओं, बच्चों और आमजन के बीच स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के दौरान होने वाली सभी गतिविधियों की नियमित रिपोर्टिंग और फोटोग्राफिक रिकॉर्डिंग भी सुनिश्चित की जा रही है।”





