आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत जनपद पुलिस ने एक और बड़ी कार्यवाही करते हुए डाला चढ़ाई स्थित अल्ट्राटेक पार्किंग के पास से एक कथित अंतरजनपदीय हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। चोपन पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर आरोपी को घेराबंदी के दौरान दबोचा। उसके कब्जे से 49.20 ग्राम अवैध हेरोइन और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने बरामदगी की कुल अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में यह कार्यवाही की गई।
ट्रेन से सोनभद्र पहुंचा, डाला में पुलिस ने दबोचा –
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि “24 सितंबर को चोपन पुलिस ने मु0अ0सं0 319/2026 में वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि में वांछित आरोपी अफजाल हेरोइन लेकर ट्रेन के माध्यम से सोनभद्र पहुंचा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसके मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया।
डाला चढ़ाई स्थित अल्ट्राटेक पार्किंग के पास पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर झाड़ियों की ओर भागने और छिपने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मो. अफजाल पुत्र मो. इकबाल, उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी टिकरा उस्मान, थाना जैदपुर, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 49.20 ग्राम हेरोइन और मोबाइल फोन बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना चोपन में धारा 8/21/27ए/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की गई।
सोनभद्र में हेरोइन सप्लाई के लिए आया था तस्कर –
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपी ने हेरोइन की सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी सोनभद्र के कुछ लोगों को मादक पदार्थ की आपूर्ति करने के उद्देश्य से आया था। पूछताछ में उसके द्वारा मणिपुर से कच्चा माल लाकर हेरोइन तैयार करने तथा जरूरत पड़ने पर स्थानीय स्तर से भी मादक पदार्थ हासिल कर सप्लाई करने की जानकारी दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब पूछताछ में सामने आए लोगों की भूमिका और मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क की कड़ियों की जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को चिन्हित करने की कार्रवाई की जा रही है।
बाराबंकी में बंगले और करोड़ों की संपत्ति की जांच –
पुलिस जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू आरोपी की चल-अचल संपत्ति भी बन गया है। पुलिस के अनुसार बाराबंकी जनपद में आरोपी के पास एक बड़ा बंगला और करोड़ों रुपये की अन्य संपत्तियां होने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन संपत्तियों को किस स्रोत से अर्जित किया गया
पुलिस के मुताबिक यदि जांच में इन संपत्तियों के मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित होने की पुष्टि होती है तो अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति को जब्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। संपत्ति के स्रोत और उससे जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे –
गिरफ्तार अफजाल का आपराधिक इतिहास भी लंबा बताया गया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ बाराबंकी, अयोध्या और सोनभद्र में एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2005 से लेकर 2026 तक उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों का विवरण पुलिस ने जारी किया है। पुलिस के मुताबिक इससे पहले भी सोनभद्र में मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश –
पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है। खासतौर पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ की आपूर्ति कहां से हो रही थी और सोनभद्र में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम का विवरण –
प्रभारी निरीक्षक थाना चोपन गोपाल जी गुप्ता, चौकी प्रभारी डाला घनश्याम तिवारी, उपनिरीक्षक आशीष पटेल थाना चोपन, हे0का0 पप्पू यादव, रजवान यादव, वीरेंद्र सरोज, राजेश यादव, शिवशरण बिंद, का0 मंटू सिंह, गोविंद कुमार शामिल रहे।





