आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• ओपेन जिम, दो एंबुलेंस, दो सीसी रोड और कस्तूरबा विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण के लिए हुआ एमओयू
सोनभद्र । जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एनसीएल सिंगरौली के सहयोग से करीब 4.27 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को गति मिलेगी। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में सीएसआर के तहत विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं के लिए संबंधित विभागों और एनसीएल सिंगरौली के बीच एमओयू हस्तांतरित किए गए। कुल 426.83 लाख रुपये की लागत वाली इन परियोजनाओं से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सीधे तौर पर लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
नगर के स्वर्ण जयंती चौक के पास बनेगा ओपन जिम –
एमओयू के तहत बढ़ौली चौराहे के पास 96.82 लाख रुपये की लागत से ओपेन जिम का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज और एनसीएल सिंगरौली के बीच समझौता हुआ। वहीं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 66 लाख रुपये की लागत से दो एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएंगी। इस परियोजना के लिए डिप्टी सीएमओ और एनसीएल सिंगरौली के बीच एमओयू किया गया।
इसी क्रम में चतरा ब्लॉक में सेहुआं हनुमान मंदिर से अंबेडकर हरिजन बस्ती तक 98.25 लाख रुपये तथा करमा ब्लॉक में खुटहनियां बरबसपुर रोड से दूबे बगीचा तक 95.72 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। दोनों परियोजनाओं के लिए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और एनसीएल सिंगरौली के बीच एमओयू हुआ है।
वहीं जिले के कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत के लिए 70.04 लाख रुपये की परियोजना को भी मंजूरी मिली है। इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और एनसीएल सिंगरौली के मध्य एमओयू हस्तांतरित किया गया।
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश –
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि सीएसआर के माध्यम से कराए जा रहे कार्य सीधे जनहित और जनसुविधाओं से जुड़े हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कराया जाए। साथ ही कार्यों की नियमित समीक्षा और प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि 9 सितंबर 2026 को आयोजित सीएसआर बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में एनसीएल सिंगरौली के महाप्रबंधक के साथ विस्तृत चर्चा की गई है। डीपीआर तैयार करने अथवा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को उद्यमी मित्र के माध्यम से एनसीएल सिंगरौली से समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि सीएसआर से स्वीकृत परियोजनाएं जल्द धरातल पर उतरें और इनका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, उपायुक्त उद्योग, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डिप्टी सीएमओ, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज, एनसीएल सिंगरौली के महाप्रबंधक राजीव रंजन, सीएसआर हेड राजाराम यादव, उद्यमी मित्र सोनभद्र समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






