सड़कों के गड्ढे अविलंब भरें जल निगम अधिकारी वरना होगी कड़ी कार्रवाई: मिर्जापुर में जिला उद्योग बंधु की बैठक में DM का कड़ा रुख

SHARE:

मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई, जिसमें उद्यमियों की समस्याओं के निस्तारण और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में उद्यमियों द्वारा जल निगम द्वारा पेयजल पाइपलाइन बिछाने हेतु खोदे गए गड्ढों के बाद सड़कों की मरम्मत न कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया, जिससे आवागमन में आमजन व व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने जल निगम के अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि जल निगम के जिम्मे वाली सड़कों की अविलंब मरम्मत कराकर उन्हें संबंधित विभागों को हैंडओवर करें, अन्यथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

बैठक के दौरान ‘सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान योजना’ के अंतर्गत बैंकों द्वारा बड़ी संख्या में आवेदन पत्रों को खारिज किए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। योजना की समीक्षा के दौरान सामने आया कि जनपद को प्राप्त 2600 के लक्ष्य के सापेक्ष बैंकों को 2572 आवेदन अग्रसारित किए गए थे, जिनमें से 1509 आवेदन निरस्त कर दिए गए और 620 आवेदन अब भी लंबित हैं। जिलाधिकारी ने इसे अत्यंत आपत्तिजनक बताते हुए लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) को सख्त निर्देश दिए कि बिना किसी ठोस व स्पष्ट कारण के प्रार्थना पत्रों को निरस्त न किया जाए तथा स्वीकृत आवेदनों के सापेक्ष समयबद्ध ऋण वितरण सुनिश्चित कराया जाए।

इसके अतिरिक्त बैठक में निवेश मित्र योजना की प्रगति, नए औद्योगिक आस्थान निर्माण हेतु भूमि अधिग्रहण, चुनार पॉटरी के टनल भट्टी निर्माण, राजकीय चीनी पात्र विकास केंद्र चुनार की बाउंड्रीवाल निर्माण तथा ओडीओपी (ODOP) सीएफसी निर्माण से जुड़ी समस्याओं पर बिंदुवार चर्चा की गई। उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार द्वारा प्रस्तुत एजेंडे के आधार पर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित व पारदर्शी समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अमितेश सिंह, कालीन उद्यमी अनिल सिंह, व्यापार मंडल उपाध्यक्ष आशीष सिंह, अमित कुमार सिंह, दुर्गा प्रसाद चौधरी, शत्रुघ्न केसरी सहित उद्योग विभाग व जल निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

Vinod Garg
Author: Vinod Garg

2 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now