‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान: भाजपा की जिला कार्यशाला संपन्न, 10 से 15 अगस्त तक जिले भर में निकलेंगी तिरंगा यात्राएं

SHARE:

सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान की सफलता के लिए एक भव्य जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता ने की तथा संचालन जिला संयोजक व जिला उपाध्यक्ष अजीत रावत द्वारा किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिला प्रभारी अनिल सिंह एवं अन्य अतिथियों द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

मुख्य अतिथि अनिल सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह राष्ट्रभक्ति से जुड़ा एक महान जनआंदोलन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर यह अभियान राष्ट्रीय चेतना का पर्व बन चुका है जो देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर घर तक तिरंगा पहुंचाने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि आगामी 10 से 15 अगस्त तक पूरे जनपद में विभिन्न राष्ट्रभक्ति के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत प्रत्येक मंडल में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, शहीद स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। साथ ही देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर वीर जवानों व पुलिसकर्मियों के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर चुर्क नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा यादव, दुद्धी नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, जिला उपाध्यक्ष अमरेश पटेल, शंभू नारायण सिंह, बृजेश श्रीवास्तव, विशाल पांडेय, महेश्वर चंद्रवंशी, शारदा खरवार, जिला मंत्री अनिल सिंह, सुषमा गोंड, प्रमिला जायसवाल, जिला मीडिया प्रभारी रजनीश रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

Most Recent

Follow Us Now