गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को मुहम्मदाबाद स्थित मंडी समिति मैदान में आयोजित भव्य जनसभा के दौरान गाजीपुर जनपद को करीब 691.74 करोड़ रुपये की 268 विकास परियोजनाओं की ऐतिहासिक सौगात दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 492.60 करोड़ रुपये लागत की 83 पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि 199.14 करोड़ रुपये की 185 नई जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास कर जिले के विकास को एक नई रफ्तार दी। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, सीवरेज, पर्यटन, खेल और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने वाली ये योजनाएं गाजीपुर के सभी विधानसभा क्षेत्रों का कायाकल्प करेंगी।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर को ऋषियों और वीरों की पावन भूमि बताते हुए नमन किया। उन्होंने कहा कि गाजीपुर का पौराणिक उल्लेख रामायण कालखंड से ही मिलता है, जब मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम और लक्ष्मण ताड़का वध के लिए इसी धरती से होकर बक्सर गए थे। मुख्यमंत्री ने एशिया के सबसे बड़े गांव गहमर का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि 12 हजार फौजियों वाले इस गांव के जवानों ने 1961, 1965, 1971 के युद्धों से लेकर कारगिल और ऑपरेशन सिंदूर तक देश की सीमाओं की रक्षा में अविस्मरणीय योगदान दिया है। यह भूमि देशभक्ति और पराक्रम की मिसाल है।
कार्यक्रम के दौरान पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर और प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल ने भी जनसभा को संबोधित किया। ओमप्रकाश राजभर ने पिछली समाजवादी पार्टी सरकार पर दंगे और अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान योगी सरकार में अपराधी या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़ चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के चुनाव में सपा की विदाई तय है। कार्यक्रम के दौरान सदर, जखनियां, सैदपुर, मुहम्मदाबाद, जमानियां, जहूराबाद और जंगीपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का नर्सिंग कॉलेज, ड्रग वेयरहाउस, ग्रामीण पेयजल योजनाएं, सड़कों का चौड़ीकरण, सीवर नेटवर्क, अंधऊ-चौकिया बाईपास, खेल स्टेडियम और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं का शुभांरभ किया गया।
Author: Navhind Samachar
नव हिन्द समाचार भारत की एक अग्रणी एवं बहुभाषी समाचार एजेंसी है। इसका प्रमुख कार्य अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रादेशिक, स्थानीय स्तर पर घटित घटनाओं एवं साहित्य, कला, संस्कृति, धर्म, आध्यात्म, अर्थ, व्यापार, खेल, विज्ञान, तकनिक, मनोरंजन, स्वास्थ्य व कानून आदि से जुड़े खबरों को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया को उपलब्ध कराना है।





