लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में बुधवार को अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान जोरदार हंगामा देखने को मिला। बजट पर अपनी बात रखने के लिए जैसे ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खड़े हुए, विपक्षी सदस्यों—विशेषकर समाजवादी पार्टी के विधायकों ने राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े मुद्दे पर पहले चर्चा की मांग को लेकर शोर-शराबा शुरू कर दिया। विपक्ष के लगातार व्यवधान के कारण मुख्यमंत्री सदन में महज पांच मिनट ही बोल सके। इस दौरान सीएम योगी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि अनुपूरक बजट पर यह चर्चा प्रदेश की 25 करोड़ जनता के हितों को ध्यान में रखकर तय की गई थी, लेकिन विपक्ष जनकल्याणकारी मुद्दों पर गंभीर चर्चा करने के बजाय हंगामा करने को ही प्राथमिकता दे रहा है।
सदन में हंगामे के बीच उस समय स्थिति और तनावपूर्ण हो गई जब अनुपूरक बजट पर वक्तव्य दे रहे मुख्यमंत्री के सामने एक विपक्षी विधायक ने उनसे जुड़ी कोई आपत्तिजनक तस्वीर लहरा दी। विधायक के इस आचरण पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना बेहद सख्त रुख अपनाते हुए भड़क उठे। उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विधायक को तत्काल प्रभाव से पूरे सत्र के लिए सदन से बाहर किए जाने का आदेश दे दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में दोबारा इस प्रकार का अमर्यादित आचरण किया गया, तो विशेषाधिकार हनन का नोटिस लाकर संबंधित सदस्य की विधानसभा सदस्यता भी समाप्त कर दी जाएगी। भारी हंगामे और गर्मागर्म माहौल को देखते हुए सदन की कार्यवाही को स्थगित करना पड़।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





