(Photos generated by AI)
हर्षवर्धन, सोनभद्र। जिले में चोपन थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने जान की बाजी लगाकर एक दुस्साहसिक मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान हुई इस मुठभेड़ में पुलिस ने करीब 58.75 लाख रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ, एक लग्जरी कार और अवैध असलहा बरामद किया है।
इस दौरान खुद को घिरता देख तस्करों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए सड़क पर नोटों की गड्डियां भी फेंकी और पुलिस की गाड़ियों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से पंजाब का एक शातिर तस्कर घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे और पहाड़ी क्षेत्र का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

यह पूरा घटनाक्रम सोमवार को उस समय शुरू हुआ जब चोपन पुलिस, रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की होंडा सिटी कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय कार की रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा। पुलिस टीम ने जब पीछा किया तो तस्करों ने पुलिस के वाहन को कई बार बेरहमी से टक्कर मारी, जिससे पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।

इसी बीच सलखन क्षेत्र में एसओजी का वाहन खराब हो गया। ऐसे नाजुक समय में स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार मोदनवाल ने अदम्य साहस दिखाते हुए तत्काल अपनी निजी स्विफ्ट डिजायर कार पुलिस टीम को सौंप दी। पुलिस ने प्रदीप की कार से पीछा जारी रखा और रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के विरंजुआ में तस्करों की घेराबंदी कर ली। पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने गाड़ी बैक करके प्रदीप की कार में भी जोरदार टक्कर मारी और पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली कार चालक प्रिंस (निवासी ख्वाजके, थाना मेहरबान, लुधियाना, पंजाब) के पैर में लगी, जिससे वह वहीं ढेर हो गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पकड़े गए तस्कर प्रिंस ने पूछताछ में कुबूल किया कि वह यह मादक पदार्थ डाल्टनगंज से खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचने के लिए लुधियाना (पंजाब) ले जा रहा था और यही उसकी आजीविका का जरिया था। पुलिस ने तस्करों के पास से 15 लाख रुपये कीमत की 3 किलोग्राम अफीम, 33 लाख 75 हजार रुपये कीमत का 225 किलोग्राम डोडा, 10 लाख मूल्य की होंडा सिटी कार, एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने घायल तस्कर को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है और चोपन थाने में बीएनएस, आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फरार तस्कर की तलाश तेज कर दी है। इस पूरे ऑपरेशन में पुलिस का साथ देने वाले स्थानीय नागरिक प्रदीप कुमार मोदनवाल की बहादुरी की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक ने उन्हें 10,000 रुपये नकद पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया है।
Author: Vinod Garg
2 years experience in the field of journalism.





