आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• पीएम श्री बालिका इंटर कॉलेज में आरबीआई ओम्बड्समैन कार्यालय ने आयोजित किया उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम
• बैंकिंग शिकायतों के समाधान, ऑनलाइन धोखाधड़ी और शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया की दी जानकारी
सोनभद्र । डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर ठगी और बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी शिकायतों के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी हो गई है। इसी उद्देश्य से शुक्रवार को राबर्ट्सगंज स्थित पीएम श्री बालिका इंटर कॉलेज में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के ओम्बड्समैन कार्यालय, कानपुर की ओर से उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल फ्रॉड से बचाव और बैंकिंग सेवाओं में कमी होने पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में आरबीआई ओम्बड्समैन कार्यालय, कानपुर के अधिकारी जय प्रकाश और मोती लाल, विद्यालय की प्रधानाचार्या निशा सिंह, नाबार्ड के डीडीएम, अग्रणी जिला प्रबंधक, सोनभद्र साइबर क्राइम प्रभारी एवं उनकी टीम तथा वित्तीय साक्षरता केंद्र (एफएलसी) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जय प्रकाश ने किया। इसमें करीब 125 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैंकिंग शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया समझाई –
सत्र के दौरान आरबीआई ओम्बड्समैन कार्यालय के अधिकारी जय प्रकाश ने रिजर्व बैंक एकीकृत ओम्बड्समैन योजना, 2026 (आरबी-आईओएस) की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना आरबीआई की विनियमित संस्थाओं के खिलाफ ग्राहकों की शिकायतों के त्वरित और कम खर्च में समाधान के लिए वैकल्पिक शिकायत निवारण व्यवस्था उपलब्ध कराती है।
उन्होंने योजना के दायरे, सेवा में कमी से संबंधित शिकायतों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और सीएमएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत करने के तरीके को विस्तार से समझाया। साथ ही बताया कि ओम्बड्समैन से संपर्क करने से पहले संबंधित बैंक के आंतरिक शिकायत निवारण तंत्र का उपयोग करना महत्वपूर्ण है।
सुरक्षित बैंकिंग और साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके –
आरबीआई अधिकारी मोती लाल ने छात्राओं को सुरक्षित बैंकिंग के प्रति जागरूक करते हुए बैंकों में होने वाली धोखाधड़ी और उससे बचने के उपाय बताए। वहीं, साइबर क्राइम प्रभारी सोनभद्र और उनकी टीम ने डिजिटल फ्रॉड के विभिन्न तरीकों तथा उससे संबंधित शिकायतों के निवारण तंत्र की जानकारी दी। छात्राओं को ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहने और साइबर ठगी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।
प्रश्नोत्तरी में विजेताओं को किया पुरस्कृत –
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के बीच जागरूकता प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। इसमें विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर पुरस्कृत किया गया। साथ ही आरबी-आईओएस, 2026 से संबंधित पैम्फलेट और पुस्तिकाओं सहित उपभोक्ता जागरूकता सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों से फीडबैक फॉर्म भी एकत्र किए गए। छात्राओं ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे बैंकिंग और साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी के लिहाज से उपयोगी बताया।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





