Sonbhadra News : न्याय पंचायत बट की बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दमखम

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• दौड़, कबड्डी, खो-खो और लंबी कूद में वाखिलाड़ियों ने बिखेरा जलवा

• विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर बढ़ाया गया उत्साह

सोनभद्र । खेल के मैदान में किसी ने अपनी रफ्तार से सबको पछाड़ा तो किसी ने लंबी कूद में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कबड्डी और खो-खो में खिलाड़ियों ने टीम भावना और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। मौका था विकासखंड करमा की न्याय पंचायत बट में शुक्रवार को आयोजित न्याय पंचायत स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का, जहां परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन पर विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

प्राथमिक विद्यालय वर्ग में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी –

प्राथमिक विद्यालय वर्ग की 50 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में गौरही के दिवाकर और बालिका वर्ग में बट की बब्बी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में बघोर के शुभम तथा बालिका वर्ग में लोहरा की अल्का विजेता रहीं। 200 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में लोहरा के शिवाजी और बालिका वर्ग में लोहरा के निखिल ने प्रथम स्थान हासिल किया।

कबड्डी प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में बट विद्यालय की टीम और बालक वर्ग में झपरी विद्यालय की टीम ने बाजी मारी। वहीं, लंबी कूद के बालक वर्ग में बट के शिवा तथा बालिका वर्ग में लोहरा की शिवानी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

जूनियर वर्ग में विकास और माधुरी का शानदार प्रदर्शन –

जूनियर विद्यालय वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में बालक और बालिका, दोनों वर्गों में गागनार हरैया की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दौड़ प्रतियोगिता की 100 मीटर स्पर्धा के बालक वर्ग में लोहरा के विकास तथा बालिका वर्ग में कोईलहिया की माधुरी विजेता रहीं। 200 मीटर दौड़ में बालक वर्ग से लोहरा के विकास और बालिका वर्ग से बट की बब्बी ने प्रथम स्थान हासिल किया। 400 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में लोहरा के अमन तथा बालिका वर्ग में बट की ज्योति ने बाजी मारी। वहीं, 600 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में लोहरा के विकास और बालिका वर्ग में लोहरा की मैगी प्रथम रहीं। लंबी कूद प्रतियोगिता के बालक वर्ग में कोईलहिया के आदित्य तथा बालिका वर्ग में लोहरा की माधुरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

खेलों से होता है बच्चों का सर्वांगीण विकास –

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह उर्फ मिंटू सिंह रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और टीम भावना का विकास होता है। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में संकुल के सत्येंद्र कुमार वर्मा, संजय कुमार, विवेक विक्रम सिंह और विमला सिंह सहित शिक्षक अनुपमा, अरुण कुमार, नवीन, सरोज, ज्योत्स्ना, राजेश, प्रतिमा, उमेश और सुरेश चंद्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खेल अनुदेशक बृजेश, प्रवीण, संदीप तथा अनुदेशक संघ के जिलाध्यक्ष रवींद्र बहादुर सिंह सहित अन्य सहयोगी स्टाफ भी मौजूद रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now