सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कलेक्ट्रेट सभागार में नवीन व्यवस्था के अंतर्गत सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से जनपद के विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने कड़े रुख में कहा कि जिन विभागों को शासन द्वारा जो भी लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, वे उसे शत-प्रतिशत और निर्धारित समय अवधि के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें। बैठक में पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने बैंकों के माध्यम से मिलने वाली सब्सिडी आदि की सुविधाओं को तत्काल सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एलडीएम को स्पष्ट निर्देशित किया कि इस योजना के अंतर्गत जो भी लक्ष्य तय हैं, उनका शत-प्रतिशत निस्तारण बैंकों के माध्यम से प्राथमिकता पर कराया जाए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास और मुख्यमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों की प्रगति को भी परखा। उन्होंने परियोजना निदेशक डीआरडीए को सख्त निर्देश दिए कि जो आवास अभी तक अपूर्ण स्थिति में हैं, उन्हें तीव्र गति से शीघ्र पूर्ण कराने की कार्रवाई की जाए और इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद में सैम-मैम श्रेणी के कुपोषित बच्चों के चिह्नीकरण और उनके स्वास्थ्य परीक्षण के कार्य को भी उन्होंने प्राथमिकता पर रखने की बात कही और जिला कार्यक्रम अधिकारी को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी लोन योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने उपायुक्त उद्योग और एलडीएम को निर्देशित किया कि योजना के लाभार्थियों की पत्रावलियों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द किया जाए।
जनसुनवाई को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्त तेवर दिखाए। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाली जनशिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जिन अधिकारियों द्वारा निस्तारण में लापरवाही बरती जा रही है या जिनके संदर्भ में जनता से असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हो रहा है, उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि विकास कार्यों, लाभार्थीपरक और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति में तेजी लाएं, अन्यथा लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्राचार किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतपाल वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए एसके राय और जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Vinod Garg
2 years experience in the field of journalism.




