Sonbhadra News : 494 पंडालों में विराजीं माँ दुर्गा, जयकारों से गूंज उठा सोनांचल

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । शारदीय नवरात्र के उल्लास के बीच शुक्रवार को पूरा सोनभद्र मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर नजर आया। गाजे-बाजे, वैदिक मंत्रोच्चार और मां के जयकारों के बीच जिले भर के 494 दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गईं।

श्रद्धालुओं और पूजा समितियों के सदस्यों ने ट्रैक्टरों और ट्रकों पर मां की प्रतिमाओं को सजाकर जयकारे लगाते हुए अपने-अपने पूजा स्थलों तक पहुंचाया। इस दौरान सड़कें मां के जयकारों से गूंज उठीं और भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

शाम ढलते ही रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजे पंडालों की रौनक देखते ही बनी। कहीं भक्ति गीतों की गूंज रही तो कहीं श्रद्धालु मां की आराधना में लीन नजर आए। नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक दुर्गापूजा को लेकर उत्साह चरम पर है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

आकर्षक सजावट से जगमगाए पूजा पंडाल –

नगर के स्वर्ण जयंती चौक, सिविल लाइन, रेलवे फाटक, नई बस्ती, शीतला मंदिर चौक, मेन मार्केट, धर्मशाला चौक और चंडी तिराहा समेत विभिन्न स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पूजा समितियों ने पंडालों को आकर्षक रूप देने के लिए विशेष सजावट और रोशनी की व्यवस्था की है। कई पंडालों में शुक्रवार को ही मां का पट खोल दिया गया, जबकि अधिकांश स्थानों पर शनिवार से श्रद्धालु दर्शन-पूजन कर सकेंगे। पंडालों में गूंजते भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

आस्था के साथ सामाजिक सरोकारों का संदेश –

इस बार दुर्गापूजा के आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता दी जा रही है। विभिन्न पूजा समितियों की ओर से पंडालों के माध्यम से नारी सशक्तीकरण और बुजुर्गों की मदद का संदेश दिया जाएगा। इसके जरिए श्रद्धालुओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। पूजा समितियाँ दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटी हैं।

सुरक्षा के लिए पुलिस अलर्ट, सीसी कैमरों से निगरानी –

दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और आवागमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित पूजा पंडालों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पंडालों में सीसी कैमरों के माध्यम से भी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now