गौ रक्षा के नाम पर दिखावा कर रही सरकार, गाय को घोषित किया जाए राष्ट्रमाता: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद

SHARE:

सोनभद्र। गौ रक्षा धर्म युद्ध यात्रा लेकर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती सोमवार को सोनभद्र पहुंचे, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। यात्रा के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शंकराचार्य ने गौ रक्षा के लिए सनातनियों को संकल्प दिलाया और वर्तमान व्यवस्था पर तीखे प्रहार किए। रॉबर्ट्सगंज में सपा के पूर्व विधायक रमेशचंद्र दुबे के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार गौ हत्या रोकने और धर्म-संस्कृति की रक्षा के नाम पर केवल दिखावा कर रही है।

खुद को संतों की हितैषी बताने वाली सरकार के दौर में आज संत समाज सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी यह यात्रा किसी राजनीतिक दल के समर्थन में नहीं, बल्कि गौ माता और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए जनजागरण का एक माध्यम है। उन्होंने आह्वान किया कि जो भी दल गौ रक्षा के लिए वास्तव में कार्य करेगा, वे उसके साथ खड़े रहेंगे।

इससे पहले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ओबरा के राम मंदिर स्थित मानस भवन पहुंचे, जहां उन्होंने जनता से अपील की कि प्रदेश में गौ हत्या रोकने और धार्मिक परंपराओं को बचाने के लिए लोग खुलकर आगे आएं। उन्होंने समाज में धर्म के नाम पर फैले भ्रम और दिखावे के प्रति सचेत करते हुए वास्तविक धर्म और मर्यादा के महत्व को समझाया। गौ-सेवा और संरक्षण कार्यों को मजबूती देने के उद्देश्य से उन्होंने प्रत्येक विधानसभा स्तर पर प्रतिनिधियों की नियुक्ति की घोषणा की, जिसके तहत ओबरा विधानसभा क्षेत्र के लिए राकेश मिश्रा को प्रतिनिधि नियुक्त किया गया। इस दौरान ओबरा और रॉबर्ट्सगंज में आयोजित कार्यक्रमों में सांसद छोटेलाल खरवार, सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, कांग्रेस नेता ईश्वरी नारायण सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

देर शाम घोरावल के मां शिव देवी पीजी कॉलेज पहुंचने पर प्रबंधक जयप्रकाश उर्फ चेखुर पांडेय ने शंकराचार्य का स्वागत किया। यहां शंकराचार्य ने सभी राजनीतिक दलों से गाय को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने की पुरजोर मांग की। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि गौ माता केवल पशु नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की आत्मा हैं। उन्होंने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जिस प्रकार गाय का खून और दूध एक पात्र में नहीं रह सकता, उसी प्रकार गौ हत्यारों का समर्थन करने वालों और गौ सेवकों की विचारधारा कभी एक साथ नहीं चल सकती। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जय प्रकाश पांडेय को घोरावल क्षेत्र में गौशाला निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी। इस पूरे भ्रमण के दौरान बड़ी संख्या में सनातनी धर्मावलंबी उपस्थित रहे और शंकराचार्य के विचारों का समर्थन किया।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now