UP विधानमंडल विशेष सत्र: महिलाओं के श्राप से कांग्रेस की हुई दुर्गति, अब सपा भी उसी राह पर: CM योगी

SHARE:

उत्तर प्रदेश विधानमंडल के एकदिवसीय विशेष सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के संदर्भ में बुलाए गए इस सत्र में सीएम योगी ने कहा कि महिलाओं के प्रति संवेदनहीनता और उनके अपमान के कारण ही कांग्रेस आज अपनी दुर्गति झेल रही है और अब सपा भी उसी रास्ते पर अग्रसर है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनधन खातों से लेकर 12 करोड़ शौचालयों के निर्माण तक, भाजपा सरकार ने हमेशा नारी गरिमा को प्राथमिकता दी है, जबकि सपा के लोगों ने इन योजनाओं का मजाक उड़ाकर अपनी महिला विरोधी मानसिकता का परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि आज जो लोग महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण की वकालत कर रहे हैं, उनके गिरगिट जैसे बदलते व्यवहार को देखकर खुद गिरगिट भी शरमा जाए।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में इतिहास के काले पन्नों को पलटते हुए सपा को ‘स्टेट गेस्ट हाउस कांड’ की याद दिलाई और कहा कि तब भाजपा ही थी जिसने एक दलित की बेटी के सम्मान की रक्षा की थी। उन्होंने कांग्रेस को शाहबानो मामले पर घेरते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस दोनों की प्रवृत्ति हमेशा कट्टरपंथियों के सामने घुटने टेकने की रही है। सीएम योगी ने कहा कि इन दलों ने हमेशा महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सुरक्षा में बाधा उत्पन्न की है, लेकिन आज मोदी सरकार की ‘लखपति दीदी’ और ‘स्टार्टअप’ जैसी योजनाओं से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था सुधरने से कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है, जिसका सीधा सकारात्मक असर उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर दिख रहा है और वह तीन गुना तेजी से बढ़ी है।

सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि यदि वे वास्तव में महिला आरक्षण के पक्षधर हैं, तो उन्हें सबसे पहले संसद और विधानसभाओं में अतीत में किए गए अपने अमर्यादित आचरण के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन केवल अपना चेहरा बदलने की कोशिश है, लेकिन देश की जनता इनके असली चरित्र और महिलाओं के प्रति इनके पुराने व्यवहार को अच्छी तरह जानती है। मुख्यमंत्री ने अंत में दोहराया कि भाजपा सरकार महिलाओं को केवल आरक्षण ही नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का पूर्ण वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है और विपक्षी दलों का दोहरा मापदंड अब चलने वाला नहीं है।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

Follow Us Now