Sonbhadra News : मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का रहेगा मौका, 21 नवंबर से चार दिन चलेगा विशेष अभियान

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसके तहत विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 अभियान शुरू किया गया है। अभियान के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं, महिला मतदाताओं और अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों और अपात्र प्रविष्टियों के निराकरण की भी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची की विधानसभा वार प्रतियां राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गईं।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने के साथ ही सूची को अधिक शुद्ध और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने विशेष रूप से महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने और जेंडर रेशियो में सुधार पर जोर दिया।

डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को सक्रिय रखें और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करें। विशेष अभियान दिवसों पर बीएलए की सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।

उन्होंने बताया कि 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि नाम दर्ज नहीं है अथवा किसी प्रकार की त्रुटि है तो निर्धारित अवधि में संबंधित प्रपत्र के माध्यम से दावा या आपत्ति प्रस्तुत करें।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की जिम्मेदारी केवल निर्वाचन विभाग की ही नहीं, बल्कि राजनीतिक दलों और आम नागरिकों की भी है। सभी के सक्रिय सहयोग से ही पात्र मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है।

बैठक में कांग्रेस से राजीव त्रिपाठी (पीसीसी ऑब्जर्वर, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी), समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव, भाजपा के जिला मंत्री अनिल सिंह, सीपीआईएम के जिला मंत्री नंदलाल आर्य, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश गौतम तथा बहुजन समाज पार्टी से रामचन्द्र राय एवं विधानसभा महासचिव महेंद्र भारती उपस्थित रहे।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी विशाल सिंह, रवि पासवान, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल सहित संबंधित निर्वाचन अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now