Sonbhadra News : जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को गंभीरता से लें, प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दी सख्त हिदायत

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर शासन की प्राथमिकताओं के बीच प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने अधिकारियों को जनहित के मामलों में गंभीरता और संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई जाने वाली समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विकास कार्यों को गति देने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय तथा नियमित संवाद भी जरूरी है।

मंगलवार को सर्किट हाउस सोनभद्र में प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्रीय भ्रमण और जनता से संवाद के दौरान सामने आने वाली समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी उनका समाधान कराएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी न की जाए और प्रत्येक कार्य को जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि जनपद के विकास को गति देने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है। आपसी समन्वय और संवाद के माध्यम से विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर किया जा सकता है। बैठक में उठाए गए विषयों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में घोरावल विधायक अनिल कुमार मौर्य, सदर विधायक भूपेश चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रूबी प्रसाद, ब्लॉक प्रमुख सदर अजीत रावत सहित पार्टी पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now