आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । पुलिस की वर्दी पहनकर करीब 37 वर्षों तक विभाग की सेवा करने वाले उपनिरीक्षक सदाशिव राय का अचानक निधन हो गया। शक्तिनगर थाने में तैनाती के दौरान ड्यूटी पर अचानक सीने और बाजू में तेज दर्द उठने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथी पुलिसकर्मी तत्काल उन्हें एनटीपीसी शक्तिनगर स्थित संजीवनी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान 57 वर्षीय दरोगा ने दम तोड़ दिया। उनके आकस्मिक निधन की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक सदाशिव राय शक्तिनगर थाने में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और स्वास्थ्य बिगड़ने लगा। स्थिति गंभीर होती देख साथी पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उन्हें संजीवनी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
दिवंगत उपनिरीक्षक के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि के लिए पुलिस लाइन चुर्क लाया गया। यहां पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी नगर सुधीर सिंह, क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा सहित पुलिस लाइन एवं पुलिस कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत उपनिरीक्षक के सेवाकाल और विभाग के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि सदाशिव राय मूल रूप से जनपद गाजीपुर के निवासी थे। उन्होंने एक अगस्त 1989 को आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। अपनी लंबी सेवा अवधि के दौरान पदोन्नति प्राप्त कर उपनिरीक्षक के पद तक पहुंचे। करीब 37 वर्षों तक पुलिस विभाग में सेवाएं देने के बाद उनका इस तरह अचानक चले जाना साथी पुलिसकर्मियों के लिए गहरा आघात है।
सोनभद्र पुलिस परिवार ने उनके आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






