आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज पर यातायात व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारों की लापरवाही अब राहगीरों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। बड़े और कमर्शियल वाहनों के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग होने के बावजूद भारी वाहनों का छोटे और दोपहिया वाहनों के लिए बनाए गए संकरे रास्ते पर बेरोकटोक संचालन हो रहा है। नतीजा यह कि एक लोडेड ट्राली का पहिया रेलवे फाटक के ठीक आगे बनी नाली में धंस गया, जिससे नाली क्षतिग्रस्त हो गई। अब सड़क के इस हिस्से पर आवागमन प्रभावित होने के साथ ही राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
हैरानी की बात यह है कि जब भारी और व्यावसायिक वाहनों के लिए अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है तो फिर छोटे वाहनों के रास्ते पर लोडेड ट्रालियों का प्रवेश कैसे हो रहा है? क्या निर्माण कार्य से जुड़ी एजेंसी और यातायात व्यवस्था संभालने वाले जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है या फिर जानबूझकर इस अव्यवस्था को नजरअंदाज किया जा रहा है? भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग और निगरानी की व्यवस्था नहीं होना भी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
रेलवे फाटक के ठीक आगे नाली क्षतिग्रस्त होने से सड़क का हिस्सा भी प्रभावित हुआ है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संकरे रास्ते पर वाहनों के दबाव के बीच क्षतिग्रस्त नाली आवागमन में अतिरिक्त बाधा पैदा कर रही है। यदि समय रहते मरम्मत और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था नहीं की गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है।
स्थानीय निवासी अजय कुमार सोनी का कहना है कि “छोटे वाहनों के लिए बनाए गए रास्ते पर भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह अनुचित है। जब अलग मार्ग निर्धारित है तो उसका पालन सुनिश्चित कराना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।”
वहीं गोपाल प्रसाद ने कहा कि “भारी वाहनों के दबाव से अब रास्ते की संरचना भी क्षतिग्रस्त होने लगी है। यदि समय रहते रोक नहीं लगाई गई तो राहगीरों की परेशानी और बढ़ेगी।”
वहीं प्रमोद सोनी ने यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि “रेलवे फाटक के ठीक आगे नाली क्षतिग्रस्त होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। जिम्मेदारों को तत्काल मौके का निरीक्षण कर मरम्मत और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था करनी चाहिए।”
राहगीर अमित कुमार चौबे ने कहा कि “नाली क्षतिग्रस्त होने से रास्ता और संकरा हो गया है, जिसका सीधा खामियाजा स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। अभिभावकों को बच्चों को विद्यालय पहुंचाने और वापस घर ले जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेन गुजरने के दौरान रेलवे फाटक बंद होते ही पहले से संकरे मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब बड़े वाहनों के लिए अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित है तो फिर छोटे वाहनों के रास्ते पर भारी वाहनों को आखिर किसकी अनुमति से दौड़ाया जा रहा है? क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं? प्रशासन को तत्काल भारी वाहनों का प्रवेश रोकने, क्षतिग्रस्त नाली की मरम्मत कराने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।”
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






