Sonbhadra News : खरना आज, शाम से शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गई। पहले दिन व्रती महिलाओं ने पूरी श्रद्धा और शुद्धता के साथ कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण कर महापर्व का संकल्प लिया। शनिवार को खरना के साथ छठ पूजा का दूसरा दिन होगा। शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती महिलाएं 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत की शुरुआत करेंगी। इस दौरान अन्न और जल का त्याग कर व्रती भगवान सूर्य और छठी मईया की आराधना में लीन रहेंगी।

जिले भर में उत्सव का माहौल –

महापर्व को लेकर जिलेभर में धार्मिक उत्साह का माहौल है। नगर के रामसरोवर तालाब, शाहगंज रजवाहा समेत विभिन्न नदी, तालाबों और सरोवरों पर छठ पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चलती रहीं। घाटों की साफ-सफाई, पूजन स्थल की व्यवस्था और अन्य जरूरी तैयारियों में श्रद्धालु जुटे रहे। बिहार, झारखंड सहित चार राज्यों से घिरे सोनांचल में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

नहाय-खाए के साथ शुरू हुआ छठ व्रत –

नहाय-खाय के पहले दिन व्रती महिलाओं ने सुबह स्नान कर घरों की साफ-सफाई की और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा। कुछ श्रद्धालुओं ने नदी और सरोवरों में स्नान किया तो कई लोगों ने घरों में गंगाजल मिश्रित जल से स्नान कर पवित्रता के साथ पूजा-अर्चना की। नए वस्त्र धारण कर भगवान सूर्य को जल अर्पित किया गया और छठी मईया का स्मरण करते हुए व्रत का संकल्प लिया गया। इसके बाद मिट्टी के चूल्हे पर मिट्टी और पीतल के बर्तनों में सात्विक भोजन तैयार किया गया। व्रतियों ने कद्दू की सब्जी, चने की दाल और चावल का प्रसाद बनाया। विधि-विधान से भगवान को भोग लगाने के बाद व्रती महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण किया। परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों के बीच भी प्रसाद वितरित किया गया।

खरना के बाद कठिन तपस्या की शुरुआत –

छठ महापर्व में खरना का विशेष धार्मिक महत्व है। शनिवार को पूरे दिन व्रती महिलाएं उपवास रखेंगी और शाम को पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर तथा रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके साथ ही उनका 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now