Sonbhadra News : निर्माणाधीन आरओबी पर लगे जाम के आगे पुलिस ने भी टेके घुटने, राहगीर घण्टों होते रहे हलकान

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । लोक आस्था के महापर्व छठ पर व्रती महिलाओं को भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए घाट तक पहुंचने में इस बार आस्था के साथ अव्यवस्थाओं की भी अग्निपरीक्षा से गुजरना पड़ सकता है। निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के चलते पहले से ही बदहाल आवागमन व्यवस्था अब जाम के भंवर में फंस गई है। शनिवार को रेलवे फाटक के पास से गुजरने वाले दोनों वैकल्पिक मार्गों पर भीषण जाम लग गया। करीब डेढ़ घंटे तक राहगीर वाहनों के बीच फंसे रहे। ऑटो, टोटो और अन्य वाहनों की बेतरतीब आवाजाही ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह बेपटरी कर दिया। हालात ऐसे रहे कि जाम खुलवाने में लगे ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी बेबस नजर आए।

सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि रविवार को छठ महापर्व का पहला अर्घ्य दिया जाना है। शाहगंज रजवाहा पर बने छठ घाट तक पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं, उनके परिजन और श्रद्धालु इसी रास्ते से गुजरेंगे। दउरा, सूप और पूजन सामग्री लेकर घाट पहुंचने वाली महिलाओं के सामने संकरे रास्ते पर जाम की चुनौती खड़ी होगी। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब एक दिन पहले ही दोनों वैकल्पिक मार्गों पर डेढ़ घंटे तक यातायात ठप रहा तो छठ पूजा के दिन उमड़ने वाली भीड़ को प्रशासन आखिर कैसे संभालेगा?

दोनों वैकल्पिक रास्तों पर जाम, ध्वस्त हुई प्रशासन की योजना –

दरअसल, निर्माणाधीन आरओबी के कारण आवागमन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने वैकल्पिक यातायात व्यवस्था बनाई थी। पन्नूगंज की तरफ से नगर में आने वाले वाहनों के लिए मेहुड़ी गांव होकर रास्ता निर्धारित किया गया था, जबकि नगर से बाहर जाने के लिए रेलवे फाटक के पास महज चार फीट चौड़ा सीधा मार्ग दिया गया था। बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की व्यवस्था भी घोषित की गई थी लेकिन जमीनी हकीकत प्रशासनिक दावों से बिल्कुल उलट दिखाई दी। रेलवे फाटक के पास से दोनों वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ता गया। ऑटो और टोटो की बड़ी संख्या के साथ अन्य वाहनों की आवाजाही ने पूरी व्यवस्था को अस्त-व्यस्त कर दिया। नतीजा यह हुआ कि दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को डेढ़ घंटे तक जाम से जूझना पड़ा।

छठ घाट जाने वाले रास्ते पर सबसे बड़ा संकट –

छठ पूजा में घाट तक पहुंचना व्रती महिलाओं के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है। कई महिलाएं कठिन निर्जला व्रत के बीच परिवार के सदस्यों के साथ पूजन सामग्री लेकर घाट पहुंचती हैं। ऐसे में रेलवे फाटक के पास महज चार फीट का रास्ता और दोनों तरफ जाम की स्थिति श्रद्धालुओं के लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है। भीड़ के बीच बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं का सुरक्षित आवागमन भी चुनौतीपूर्ण होगा। यदि समय रहते वाहनों का प्रवेश नियंत्रित नहीं किया गया तो छठ घाट जाने वाले रास्ते पर अव्यवस्था और बढ़ सकती है।

बेबस दिखे ट्रैफिक में लगे पुलिसकर्मी –

रेलवे फाटक के पास दोनों वैकल्पिक मार्गों पर लगे भीषण जाम के बीच यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे पुलिसकर्मी भी बेबस नजर आए। वाहनों की बेतरतीब आवाजाही और ऑटो-टोटो की भारी भीड़ के आगे पुलिसकर्मियों की मशक्कत नाकाफी साबित हुई। करीब डेढ़ घंटे तक वाहन रेंगते रहे, लेकिन जाम से राहत नहीं मिल सकी। छठ महापर्व के मद्देनजर जब हजारों व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को इसी रास्ते से शाहगंज रजवाहा स्थित छठ घाट तक पहुंचना है, तब यातायात व्यवस्था की यह तस्वीर प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। सवाल यह है कि जब पुलिसकर्मी खुद जाम के आगे बेबस नजर आ रहे हैं तो छठ पूजा के दिन उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी आखिर कौन संभालेगा?

सीओ सिटी ने शाम तक व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया भरोसा –

मामले में सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि शनिवार शाम तक यातायात व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का प्रयास किया जाएगा।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now