आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए समय रहते जांच और जागरूकता बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से विश्व मधुमेह दिवस पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से शुक्रवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में स्वास्थ्य जांच एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 140 लोगों की ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच की गई। इस दौरान चिकित्सकों ने लोगों को जरूरी परामर्श देने के साथ ही बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए।
शिविर का आयोजन दो चरणों में किया गया। पहला चरण सुबह आठ बजे से दस बजे तक तथा दूसरा चरण शाम पांच बजे से साढ़े सात बजे तक चला। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में मौजूद चिकित्सकों ने बताया कि मधुमेह और उच्च रक्तचाप ऐसी बीमारियां हैं, जिनके शुरुआती लक्षण अक्सर स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते। कई बार व्यक्ति को बीमारी की जानकारी तब होती है, जब इसका असर शरीर के महत्वपूर्ण अंगों पर पड़ने लगता है। समय रहते पहचान और उपचार नहीं होने पर ये बीमारियां हृदय, किडनी और आंखों को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती हैं। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।
चिकित्सकों ने लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित व्यायाम करने, प्रतिदिन पैदल चलने, वजन नियंत्रित रखने तथा अत्यधिक मीठे और तैलीय खाद्य पदार्थों से परहेज करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मधुमेह से घबराने के बजाय समय पर जांच कराकर उचित उपचार और जीवनशैली में जरूरी बदलाव करना चाहिए।
IMA की ओर से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आमजन को मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें समय रहते स्वास्थ्य जांच और उपचार के लिए प्रेरित करना रहा। एसोसिएशन ने लोगों से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें और नियमित जांच को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
इस अवसर पर IMA के सचिव डॉ0 एच0पी0 सिंह, संयुक्त सचिव डॉ0 सलिल प्रकाश सिंह, डॉ0 राहुल, डॉ0 प्रशांत शुक्ला, डॉ0 श्रीकांत, स्टाफ नर्स अजीत, अंजलि एवं अमन सोनी उपस्थित रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





