आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित चल रहे तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कुल 65 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इनमें चोपन थाने के दो और रॉबर्ट्सगंज थाने का एक अभियुक्त शामिल है। फरार आरोपियों की तलाश तेज करने के साथ ही एसपी ने संबंधित पुलिस टीमों को उनकी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिया हैं।
पुलिस के मुताबिक, चोपन थाना क्षेत्र में दर्ज एक गंभीर आपराधिक मुकदमे में वांछित लोकनाथ पाण्डेय पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। सलखन बैरिहवां टोला निवासी लोकनाथ के खिलाफ हत्या समेत एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। उसके विरुद्ध चोपन और ओबरा थानों में अन्य मुकदमे भी दर्ज बताए गए हैं।
वहीं, चोपन थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में वांछित बाराबंकी निवासी आमिर उर्फ सुल्तान की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। जबकि रॉबर्ट्सगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित फतेहपुर निवासी पुत्तन लाल पर भी 20 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया है। इस प्रकार तीनों अभियुक्तों पर कुल 65 हजार रुपये का इनाम घोषित हुआ है।
अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा – एसपी
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि “जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। गंभीर मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है। फरार आरोपियों की तलाश में संबंधित टीमों को प्रभावी कार्रवाई और शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। एसपी ने आमजन से भी अपील किया है कि इन वांछित अभियुक्तों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा संबंधित थाने को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।”
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






