आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत सड़क, नाली, खड़ंजा, सोकपिट और आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्यों को गति
• 146 गांवों में सर्वे जल्द पूरा करने के निर्देश
सोनभद्र । प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में योजना के तहत चयनित ग्राम पंचायतों में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान डीएम ने 23 अन्य गांवों में विभिन्न विकास कार्यों को हरी झंडी देते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जनपद में वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2025-26 तक कुल 188 ग्राम पंचायतों का प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत चयन किया गया है। इनमें 19 गांवों में सड़क, नाली, खड़ंजा, सोकपिट, आंगनबाड़ी केंद्र सहित विभिन्न विकास कार्यों का निर्माण शुरू हो चुका है। अब बैठक में 23 और ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की स्वीकृति दी गई।
गुणवत्ता और पारदर्शिता पर डीएम का जोर –
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के तहत कराए जा रहे सभी निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। सड़क, नाली, खड़ंजा, सोकपिट और आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण और प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि स्वीकृत 23 ग्रामों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार तेजी से हो सके। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में अनावश्यक विलंब से बचने और निर्धारित समयसीमा में निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए।
146 गांवों का सर्वे जल्द पूरा कराने के निर्देश –
बैठक में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित शेष 146 ग्राम पंचायतों में चल रहे सर्वे कार्य की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सर्वे का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी बैठकों में इन ग्राम पंचायतों के लिए आवश्यक विकास कार्यों को चिह्नित कर स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
उन्होंने कहा कि योजना का वास्तविक उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।






