लखनऊ में गोमती नदी का विकराल रूप: प्लासियो मॉल और इकाना स्टेडियम तक पहुंचा पानी, घैला गांव में राहत न मिलने से आक्रोश

SHARE:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ की स्थिति और अधिक विकराल होती जा रही है। बीते कई दिनों से शहर के मध्य में स्थित मरीन ड्राइव और हनुमंत धाम जलमग्न थे, वहीं बुधवार को इकाना स्टेडियम के आसपास रोका गया पानी खोलते ही जलभराव की नौबत और भयावह हो गई। देखते ही देखते इकाना स्टेडियम के सामने और फीनिक्स प्लासियो मॉल के पास डेढ़ से दो फीट तक पानी भर गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि मंगलवार को हुए क्रिकेट मैच के चलते जलप्रवाह को रोका गया था, जिसके चलते अन्य इलाकों में डूब का खतरा बढ़ गया था और जैसे ही पानी खोला गया, स्टेडियम और मॉल परिसर के आसपास तेजी से जलभराव हो गया। हालांकि अचानक पानी बढ़ने के इस मामले में अभी तक किसी प्रशासनिक अधिकारी का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

दूसरी ओर, दुबग्गा के लालजी टंडन वार्ड अंतर्गत गोमती के बढ़ते जलस्तर से हयात नगर न्यू कॉलोनी से 40 से अधिक परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। वहीं टाड़खेड़ा, सैथा, उमरावखेड़ा, गुलमीखेड़ा, सुखलालखेड़ा और धनसिंहखेड़ा समेत दर्जन भर गांवों के करीब तीन हजार घरों में बाढ़ का पानी घुस जाने से ग्रामीणों को पलायन और चोरी का डर सता रहा है। जोनल अधिकारी अमरजीत यादव ने बताया कि प्रभावित परिवारों को नाव के जरिए रैन बसेरों में शिफ्ट किया जा रहा है और सीएचसी की टीमों द्वारा अब तक 807 दवा किट बांटी जा चुकी हैं। वहीं, लगभग छह हजार की आबादी वाला घैला गांव चारों तरफ से बाढ़ के पानी से घिर गया है और आईआईएम रोड से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग तीन से चार फीट पानी में डूब गया है। प्रशासनिक उपेक्षा से नाराज ग्रामीण अपने मवेशियों को लेकर आईआईएम रोड के किनारे शरण लेने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अन्य कॉलोनियों की तुलना में घैला गांव में अब तक राहत सामग्री, पशु चारा या पीने योग्य साफ पानी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now