Sonbhadra News : छह सूत्रीय मांगों को लेकर टीबी कर्मचारियों ने काला फीता बांध जताया विरोध, सौंपा ज्ञापन

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । टीबी कंट्रोल इंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले सोमवार को टीबी विभाग के कर्मचारियों ने वर्षों से लंबित छह सूत्रीय मांगों को लेकर काला फीता बांधकर शांतिपूर्ण एवं सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौंपते हुए लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

कर्मचारियों ने बताया कि विरोध के तहत ऑनलाइन कार्यों का निष्पादन नहीं किया जा रहा है, जबकि मरीजों से संबंधित आवश्यक सेवाएं एवं चिकित्सा कार्य नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं। कर्मचारियों का कहना था कि आंदोलन के दौरान मरीजों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा रहा है।

कर्मचारियों ने विगत 10 वर्षों से लंबित वेतन पुनरीक्षण/वेतन निरीक्षण की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने, वरिष्ठता के आधार पर अतिरिक्त लॉयल्टी लाभ दिए जाने तथा कर्मचारियों को लैपटॉप एवं अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग उठाई। इसके अलावा ₹30 लाख के टर्म इंश्योरेंस से संबंधित लंबित दावों का तत्काल निस्तारण, जनपदों में रिक्त पदों को अविलंब भरने तथा सेवा परिस्थितियों के अनुरूप अन्य आवश्यक सुविधाएं एवं कल्याणकारी लाभ प्रदान किए जाने की मांग की।

कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से रिक्त पदों पर नियुक्तियां नहीं होने के कारण कार्यरत कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार पड़ रहा है। इससे कार्य के दबाव के साथ-साथ सेवाओं की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में रिक्त पदों को भरना कर्मचारियों के हित के साथ ही मरीजों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भी जरूरी है।

वहीं, कर्मचारियों ने कहा कि सांकेतिक विरोध के बावजूद मरीजों की चिकित्सा सेवाओं पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है। मरीज हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक सेवाएं पूर्ववत जारी रखी गईं।

इस अवसर पर सुशील द्विवेदी, शावेज़ अहमद, सतीश चंद्र सोनकर, अभिमन्यु प्रसाद दुबे, शैलेंद्र सिंह एवं विमल कुमार सिंह सहित टीबी विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now