हांगझोऊ (चीन) एशियाई खेलों की तुलना में आइची-नागोया (जापान) में आयोजित एशियाई खेलों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों का प्रदर्शन थोड़ा फीका रहा। हांगझोऊ में जहां प्रदेश के 39 एथलीटों ने हिस्सा लेकर सात स्वर्ण, नौ रजत और नौ कांस्य समेत कुल 25 पदक जीते थे, वहीं नागोया में लगभग 30 खिलाड़ियों के दल ने पांच स्वर्ण, तीन रजत और आठ कांस्य सहित कुल 16 पदक अपने नाम किए। इस प्रतियोगिता में अलीगढ़ के धावक गुलवीर सिंह उत्तर प्रदेश के सबसे सफल खिलाड़ी बनकर उभरे, जिन्होंने 10000 मीटर व 1500 मीटर में रजत और 5000 मीटर में कांस्य पदक जीतकर सर्वाधिक तीन पदकों पर कब्जा जमाया। इसके अलावा प्राची चौधरी (सहारनपुर), जयकुमार (गौतमबुद्धनगर), पारुल चौधरी (मेरठ) और तीरंदाज नीरज चौहान (मेरठ) ने दो-दो पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। टीम स्पर्धाओं में गाजीपुर के राजकुमार पाल (हॉकी), आगरा की दीप्ति शर्मा व बाराबंकी के विप्रज निगम (क्रिकेट), मुजफ्फरनगर के अर्जुन देशवाल (कबड्डी) तथा प्राची चौधरी (4×400 मीटर रिले) ने देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया।
हालाँकि कुछ प्रमुख खिलाड़ियों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और जूडोका अस्मिता डे जैसी पदक की दावेदार पदक तालिका में जगह बनाने से चूक गईं, फिर भी उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के नीति-निर्देशों के अनुसार सभी प्रतिभागी व पदक विजेता एथलीटों को भव्य रूप से सम्मानित करेगी। शासनादेश के तहत एशियाई खेलों के स्वर्ण विजेताओं को ₹3 करोड़, रजत विजेताओं को ₹1.5 करोड़ और कांस्य विजेताओं को ₹75 लाख की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी, साथ ही उन्हें राजपत्रित अधिकारी के पदों पर नियुक्ति दी जाएगी। केवल प्रतिभाग करने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को भी ₹5 लाख का प्रोत्साहन भत्ता मिलेगा। खेल निदेशक आरपी सिंह ने कहा कि भारत के कुल पदकों में यूपी का पांचवां हिस्सा रहा है, जो गर्व की बात है। जल्द ही मुख्यमंत्री की मौजूदगी में राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों के सभी पदक विजेताओं के लिए एक संयुक्त भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






