आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले के दिव्यांग यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा का लाभ यूडीआईडी स्मार्ट कार्ड के माध्यम से मिलेगा। सोनभद्र रोडवेज में यूडीआईडी स्मार्ट कार्ड के जरिए दिव्यांग यात्री का पहला टिकट भी जारी किया गया है। परिवहन निगम की नई व्यवस्था लागू होने के बाद दिव्यांग यात्रियों को यात्रा के दौरान प्रमाण-पत्र की फोटो कॉपी लेकर चलने की जरूरत नहीं होगी।
रोडवेज प्रशासन के अनुसार, 40 से 99 फीसदी तक दिव्यांगता वाले यात्री नियमानुसार नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगे। इसके लिए यात्री के पास अद्वितीय दिव्यांगता पहचान पत्र यानी यूडीआईडी का स्मार्ट कार्ड होना अनिवार्य होगा। यात्रा के समय यात्री को अपना स्मार्ट कार्ड बस परिचालक को देना होगा।
ईटीएम से स्कैन होगा कार्ड, मोबाइल पर आएगा ओटीपी –
नई व्यवस्था के तहत परिचालक ईटीएम मशीन से स्मार्ट कार्ड का क्यूआर कोड स्कैन करेंगे। इसके बाद कार्ड में दर्ज यूडीआईडी नंबर ईटीएम पर प्रदर्शित होगा। पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। ओटीपी दर्ज करते ही यात्री के गंतव्य तक का नि:शुल्क टिकट जारी हो जाएगा और टिकट पर किराया शून्य दर्ज रहेगा।
स्मार्ट कार्ड में यूडीआईडी नंबर के साथ आधार कार्ड और पंजीकृत मोबाइल नंबर का विवरण भी दर्ज रहेगा। अब केवल दिव्यांगता प्रमाण-पत्र की फोटो कॉपी दिखाकर मुफ्त यात्रा का लाभ लेने की व्यवस्था नहीं होगी।
80 फीसदी से अधिक दिव्यांगता पर सहायक को भी सुविधा –
परिवहन निगम के नियमों के अनुसार 80 फीसदी से अधिक दिव्यांगता वाले यात्री के साथ एक सहायक को भी नियमानुसार नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी जाती है। इस व्यवस्था से सोनभद्र से मिर्जापुर, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, आगरा, अयोध्या और गोरखपुर समेत विभिन्न रूटों पर यात्रा करने वाले दिव्यांग यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
आज से लागू हुई स्मार्ट कार्ड व्यवस्था –
एआरएम नन्दलाल वर्मा ने बताया कि “यूडीआईडी स्मार्ट कार्ड के माध्यम से दिव्यांगजनों को नि:शुल्क यात्रा कराने का शासनादेश गुरुवार को प्राप्त हुआ है और इसे आज से ही जनपद में लागू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि दिव्यांग यात्रियों को पहले भी नियमानुसार नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिल रही थी, लेकिन शासन के निर्देश के बाद अब यूडीआईडी स्मार्ट कार्ड आधारित व्यवस्था पूरी तरह लागू कर दी गई है।”






