आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित एक निजी अतिथि गृह में गुरुवार की रात वन निगम के डिप्टी लॉगिंग मैनेजर (डीएलएम) 40 वर्षीय सत्यपाल प्रसाद ने पंखे के सहारे गमछे से फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। घटना के बाद वन विभाग और वन निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि सत्यपाल प्रसाद पुत्र जयराम प्रसाद मूल रूप से ग्राम भरहे चौरा, भटनी सलेमपुर, देवरिया के रहने वाले थे। उनकी मूल तैनाती मिर्जापुर डिविजन में थी और उनके पास पिपरी डिविजन का अतिरिक्त प्रभार भी था।
विभागीय कार्य से पहुंचे थे रेणुकूट –
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब सात बजे सत्यपाल प्रसाद विभागीय कार्य से रेणुकूट पहुंचे थे। इसके बाद वह स्थानीय एक निजी अतिथि गृह में ठहरे थे। देर रात उनके चालक ने मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका में चालक अतिथि गृह पहुंचा।
काफी प्रयास के बाद कमरे का दरवाजा खोला गया तो सत्यपाल प्रसाद पंखे के सहारे गमछे से लटके मिले। सूचना तत्काल पिपरी पुलिस को दी गई। पुलिस टीम फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे –
सत्यपाल प्रसाद के परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब तीन और पांच वर्ष बताई जा रही है। उनका परिवार मिर्जापुर में रहता है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शुक्रवार सुबह वन विभाग और वन निगम के बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी मोर्चरी हाउस पहुंचे।
आत्महत्या के कारणों का नहीं चला पता –
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि “बीती रात वन निगम के डिप्टी लॉगिंग मैनेजर (डीएलएम) 40 वर्षीय सत्यपाल प्रसाद ने लटककर जान दे दी। घटनास्थल की फोरेंसिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।”





