रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र)। “दौड़ेगा युवा, बढ़ेगा देश का मान-स्वस्थ युवा ही है भारत की असली पहचान” के नारे के साथ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आगामी 15 सितंबर को भव्य ‘नमो मैराथन’ का आयोजन किया जाएगा। जनकल्याण सेवा समिति रॉबर्ट्सगंज द्वारा आयोजित इस दौड़ को लेकर पीडब्ल्यूडी डाक बंगले पर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
समिति के सचिव डॉ. धर्मवीर तिवारी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी बालक एवं बालिका वर्ग के लिए नमो मैराथन का आयोजन अलग-अलग मार्गों पर किया जा रहा है। बालक वर्ग की दौड़ होटल अविनाश से प्रारंभ होकर चुर्क होते हुए सर्किट हाउस तक जाएगी, जबकि बालिका वर्ग की दौड़ चुर्क बाजार स्थित रोडवेज बस स्टैंड से शुरू होकर सर्किट हाउस पर समाप्त होगी।
मैराथन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की गई है। दोनों वर्गों के प्रथम विजेता को 21 हजार रुपये, द्वितीय विजेता को 11 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5,100 रुपये नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा दोनों वर्गों के 21-21 अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 1,100 रुपये दिए जाएंगे तथा भाग लेने वाले सभी बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। आयोजन समिति ने प्रतिभागियों की सुरक्षा व सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। रास्ते में और प्रतियोगिता स्थल पर एनर्जी ड्रिंक, अनुभवी वॉलंटियर्स, प्रशिक्षक और डॉक्टरों की विशेष टीम तैनात रहेगी। प्रतियोगिता में 17 से 26 वर्ष की आयु के ऐसे युवा भाग ले सकते हैं जो सोनभद्र के मूल निवासी हों या जिले में अध्ययनरत हों।
समिति ने जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर प्रधानमंत्री के ‘फिट इंडिया’ मिशन को सफल बनाने की अपील की है। प्रेस वार्ता में व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश गुप्ता, संदीप सिंह, श्रीराम दरबार अखाड़ा के संरक्षक आनंद मिश्रा, श्याम द्विवेदी, पूर्व सभासद अरविंद पांडे, कोषाध्यक्ष मनीष अग्रहरि, नवीन त्रिपाठी, सुशील मिश्रा, अंशु चौबे, पंकज ओझा, अखिलेश कश्यप, तन्मय त्रिपाठी, डब्ल्यू शुक्ला, विनय भारती और सोनू कुमार सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






