लखनऊ। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद का कद बढ़ाते हुए उन्हें राज्य में बड़ी और अहम जिम्मेदारी सौंपी है। अब आकाश आनंद बसपा के उम्मीदवारों के चयन प्रक्रिया में मुख्य भूमिका निभाएंगे और उनके नेतृत्व में ही राज्यभर में कार्यकर्ता सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा, जहाँ वे प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम मुहर लगाएंगे। इस नए अभियान की औपचारिक शुरुआत आगामी 10 अगस्त को हाथरस के सादाबाद में आयोजित होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन से होगी, जबकि 25 अगस्त को नोएडा के जेवर में होने वाले बड़े सम्मेलन की अध्यक्षता भी आकाश आनंद स्वयं करेंगे।
उल्लेखनीय है कि बीते सप्ताह अपनी तीन दिवसीय राजधानी यात्रा के दौरान आकाश आनंद ने पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार के साथ बसपा सुप्रीमो मायावती से उत्तर प्रदेश के आगामी चुनावों को लेकर गहन रणनीति पर मंथन किया था। बसपा पदाधिकारियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के चुनावी मैदान में सीधे उतरने और जनसभाओं की कमान संभालने से आकाश का पार्टी और राजनीति में प्रभाव तेजी से बढ़ेगा। अब तक उन्हें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की प्रत्यक्ष राजनीति से दूर रखा जा रहा था, लेकिन इस नए फैसले के जरिए बसपा ने आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष व सांसद चंद्रशेखर आजाद के प्रभाव के सामने एक मजबूत युवा चेहरे को चुनौती के रूप में खड़ा करने की सोची-समझी रणनीति बनाई है।
Author: Navhind Samachar
नव हिन्द समाचार भारत की एक अग्रणी एवं बहुभाषी समाचार एजेंसी है। इसका प्रमुख कार्य अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रादेशिक, स्थानीय स्तर पर घटित घटनाओं एवं साहित्य, कला, संस्कृति, धर्म, आध्यात्म, अर्थ, व्यापार, खेल, विज्ञान, तकनिक, मनोरंजन, स्वास्थ्य व कानून आदि से जुड़े खबरों को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया को उपलब्ध कराना है।





